डेस्क न्यूज
17 August, 2025
नीमच। पुलिस थाना जीरन को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। चीताखेड़ा के ढाबे पर बुजुर्ग के हाथ पैर बाँध कर मारपीट कर लुट की वारदात में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया है। आरोपियों के पास से तीन मोटरसाइकिलें, सोयाबीन, अलसी, गेहूं के कट्टे, चांदी के आभूषण और नकदी बरामद की गई है। साथ ही इन आरोपियों से बघाना थाना क्षेत्र और राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में हुई चोरी की वारदातों का भी खुलासा हुआ है।
पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया व एसडीओपी किरण चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश यादव के नेतृत्व में पुलिस को यह सफलता हाथ लगी.
अधिक जानकारी अनुसार 9-10 अगस्त 2025 की रात चीताखेड़ा स्थित एक ढाबे पर अज्ञात बदमाशों ने 70 वर्षीय मोहनलाल माली के साथ मारपीट कर दो कट्टे सोयाबीन, दो कट्टे अलसी, दो कट्टे गेहूं, चांदी के जेवरात व 2000 रुपये नकद लूट लिए थे। इस संबंध में थाना जीरन में अपराध क्रमांक 228/2025 धारा 309(6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस ने गहन अनुसंधान व मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्त में लिया. गिरफ्तार आरोपी धर्मेन्द्र पिता भारतलाल भाटी (उम्र 24), निवासी बोरदियाकला थाना नीमच सिटी, पवन पिता कमल सोलंकी (उम्र 26), निवासी बोरदियाकला, राहुल पिता कन्हैयालाल मीणा (उम्र 20), निवासी बजरंगगढ़, थाना हथुनिया, जिला प्रतापगढ़ (राज.), विशाल उर्फ बिच्छू पिता रमेश बाछड़ा (उम्र 19), निवासी सगरग्राम, थाना जीरन ने पूछताछ में ढाबे पर लूट की वारदात को स्वीकार किया।
इसके अलावा इन बदमाशों ने ग्राम धामनिया, थाना बघाना से एक बाइक चोरी करना, प्रतापगढ़ (राजस्थान) से एक स्प्लेंडर बाइक चुराना तथा पिपलियामंडी थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति से बकरियां व नकदी लूटने की वारदात भी स्वीकार की है।
आरोपियों के कब्जे से दो कट्टे सोयाबीन, दो कट्टे अलसी, दो कट्टे गेहूं, चांदी के आभूषण, कमर का आकड़िया, हाथ की पोची, गले की चेन, शर्ट के चांदी के बटन (कुल वजन लगभग 150 ग्राम) भी बरामद किये गए हैं. साथ ही एक टीवीएस स्पोर्ट, हीरो एचएफ डीलक्स, हीरो स्प्लेंडर प्रो भी जब्त की गई है.
उक्त कारवाई में थाना प्रभारी उमेश यादव के साथ उप निरीक्षक राजेन्द्रसिंह सिसोदिया, सहायक उप निरीक्षक रामपालसिंह राठौर, कप्तानसिंह, प्रधान आरक्षक सोरभ सेंगर, लक्ष्मीनारायण शर्मा, आरक्षक विक्रम धनगर, धर्मेन्द्रसिंह, महेश जाट, मुकेश प्रजापत, अशोक, नवीन, व रवी पाटीदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस द्वारा आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है, जिससे और वारदातों के खुलासे की उम्मीद की जा रही है।