द वाॅचमेन पोस्ट
19 July, 2026
सामाजिक
नीमच। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायी अभियान "एक पेड़ मां के नाम" के तहत रविवार को नीमच शहर के उपनगर बघाना स्थित वार्ड क्रमांक 40 की रेलवे कॉलोनी के शिशु उद्यान में यूनिटी ग्रुप बघाना के तत्वावधान में भव्य पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र में वृद्धि तथा मातृ सम्मान का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ वार्ड क्रमांक 40 के पार्षद प्रतिनिधि रामलाल ग्वाला एवं वार्ड क्रमांक 38 के पार्षद शशिकुमार कल्याणी (एडवोकेट) ने पौधारोपण कर किया। इस अवसर पर पार्षद शशिकुमार कल्याणी ने कहा कि पेड़-पौधे केवल हरियाली के प्रतीक नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के जीवन का आधार हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का "एक पेड़ मां के नाम" अभियान आज देशव्यापी जनआंदोलन बन चुका है, जो प्रत्येक नागरिक को प्रकृति और अपनी मां के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर प्रदान करता है। कार्यक्रम में केवल पौधारोपण तक ही सीमित न रहते हुए रोपे गए पौधों की नियमित देखरेख एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ट्री गार्ड लगाने का भी संकल्प लिया गया।
पौधारोपण अभियान में उपनगर बघाना के वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान लगभग 100 छायादार एवं फलदार पौधे जैसे नीम, पीपल, आम, जामुन और देसी गुलाब लगाए गए। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने की शपथ भी ली। इस अवसर पर यूनिटी ग्रुप के सुजीत अहीर, कुलदीप अहीर, दीपक अहीर, राजेश निर्वाण, संदीप कटारिया, मनीष अहीर (डोना), भूपेश अहीर, रज्जू अहीर, हेमंत कटारिया, गणेश अहीर, आनंद यादव (पत्रकार), जग्गा अहीर, रितेश कटारिया, पंकज अहीर सहित वरिष्ठ नागरिक एवं समाजजन उपस्थित रहे। इनमें भाजपा के पूर्व पार्षद प्रहलाद अहीर, रेलवे पेंशनर संघ के जगमोहन कटारिया, महेश गोयल, तोताराम अहीर पहलवान, अशोक अहीर सहित बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता रही।