द वाॅचमेन पोस्ट
19 July, 2026
अन्य
नीमच। मनासा विधानसभा क्षेत्र के रामपुरा नगर को जल्द ही 100 बिस्तरीय आधुनिक शासकीय अस्पताल की सुविधा मिलने जा रही है। मध्यप्रदेश मंत्रिमंडल द्वारा अस्पताल की स्थापना को मंजूरी दिए जाने पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने इस निर्णय को क्षेत्र की जनता के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए मुख्यमंत्री सहित प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।
विधायक मारू ने कहा कि रामपुरा में 100 बिस्तरीय अस्पताल की मांग लंबे समय से की जा रही थी। अब स्वीकृति मिलने से मनासा विधानसभा क्षेत्र सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों के लाखों लोगों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। गंभीर मरीजों को इलाज के लिए बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा, जिससे समय और आर्थिक व्यय दोनों की बचत होगी। उन्होंने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल, स्वास्थ्य राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल तथा जिला प्रभारी मंत्री निर्मला भूरिया के प्रति मनासा विधानसभा की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया।
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार जनकल्याण और अंत्योदय की भावना के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और आधारभूत संरचना जैसे क्षेत्रों में लगातार महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। रामपुरा में 100 बिस्तरीय अस्पताल की स्वीकृति भी इसी जनहितैषी सोच का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि अस्पताल का निर्माण पूरा होने के बाद मनासा विधानसभा क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी। स्थानीय स्तर पर उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होने से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी और क्षेत्र के समग्र विकास को भी नई गति मिलेगी। विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार का यह निर्णय आने वाले वर्षों में क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।