ताजासमाचार

एक साल से फरार 5 हजार का ईनामी NDPS तस्कर गिरफ्तार, दो राज्यों की  पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

द वॉचमेन पोस्ट 19 July, 2026 अपराध

नीमच/जावद। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राजस्थान और मध्यप्रदेश पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। एनडीपीएस एक्ट के मामले में करीब एक वर्ष से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के ईनामी आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल तथा एसडीओपी जावद हर्ष राठौड़ के निर्देशन में थाना प्रभारी जावद निरीक्षक मनोज सिंह जादौन एवं चौकी प्रभारी नयागांव राजेंद्र सिंह सिसौदिया के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार थाना जावद के अपराध क्रमांक 299/2025 में धारा 8/15, 25 एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत वांछित आरोपी किशन पिता भगवानलाल गाडरी निवासी ग्राम सोमानिया (सुहानिया), थाना गंगरार, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) पिछले एक वर्ष से फरार चल रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित था।

राजस्थान पुलिस जिला चित्तौड़गढ़ एवं मध्यप्रदेश पुलिस जिला नीमच की संयुक्त टीम ने मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट के मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है तथा नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Related Post