ताजासमाचार

खेत पर अचेत मिले युवक की उपचार के दौरान मौत, पोस्टमार्टम के बाद पुलिस जांच में जुटी

द वाॅचमेन पोस्ट 19 July, 2026 दुर्घटना

नीमच। सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम झालरी में खेत पर अचेत अवस्था में मिले एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रकाश पिता श्रवण कुमार गुर्जर (38) निवासी ग्राम झालरी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, प्रकाश गुर्जर शनिवार शाम करीब 4 बजे अपने खेत पर बाजरा काटने के लिए गया था। करीब एक घंटे बाद गांव के ही राजू गुर्जर खेत पर पहुंचे तो उन्होंने प्रकाश को जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद उन्होंने तत्काल परिजनों और ग्रामीणों को सूचना दी। ग्रामीणों की सहायता से प्रकाश को तत्काल जिला चिकित्सालय नीमच लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर किया गया। परिजन उसे एंबुलेंस से उदयपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को वापस नीमच लाया गया, जहां पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Post