डेस्क न्यूज़
06 August, 2025
नीमच। रेलवे स्टेशन क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ और सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से बुधवार को यातायात थाना प्रभारी अमित सारस्वत ने अपनी टीम के साथ विशेष अभियान चलाया। इस अभियान में RPF टीआई, रेलवे स्टेशन प्रबंधक एवं ऑटो यूनियन अध्यक्ष की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यवाही के दौरान स्टेशन परिसर की पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित किया गया, जिससे आने-जाने वाले यात्रियों को सुगमता से आवागमन में सुविधा मिले।
पार्किंग स्थल पर अव्यवस्थित रूप से खड़े दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों को सही स्थानों पर लगाया गया तथा ऑटो चालकों को अनुशासन में रहकर संचालन करने की समझाइश दी गई।
इस अवसर पर वाहन चालकों को "राहवीर योजना" के बारे में जानकारी दी गई, जिसमें दुर्घटना के शिकार लोगों की सहायता करने वालों को कानूनी संरक्षण के साथ प्रोत्साहित किया जाता है। साथ ही ट्रैफिक नियमों जैसे सीट बेल्ट, हेलमेट, स्पीड लिमिट, नो पार्किंग, बिना लाइसेंस वाहन संचालन आदि विषयों पर विस्तार से समझाइश दी गई।
टीआई अमित सारस्वत ने बताया कि आमजन की सुविधा और सुरक्षा के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी नियमित रूप से की जाती रहेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें एवं दूसरों को भी जागरूक करें.