ताजासमाचार

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न, ब्लैक फिल्म, ओवरस्पीडिंग और नाबालिग वाहन चालकों पर होगी सख्त कार्रवाई

द वाॅचमेन पोस्ट 20 July, 2026 प्रशासनिक

नीमच। कलेक्टर सभागार में सोमवार को सीईओ जिला पंचायत अमन वैष्णव की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को नियमों का सख्ती से पालन कराने और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में ब्लैक फिल्म लगे वाहनों तथा ब्लैक फिल्म लगाने वाली दुकानों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई, जब्ती और सीलिंग की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा वाहनों के आगे-पीछे जाति एवं समुदाय विशेष के नाम लिखकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए गए।

ओवरस्पीडिंग और ड्रिंक एंड ड्राइव पर रहेगा फोकस

सीईओ जिला पंचायत ने ओवरस्पीडिंग, ड्रिंक एंड ड्राइव और राष्ट्रीय राजमार्गों पर ढाबों के बाहर अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ नियमित अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही वर्षाकाल को देखते हुए दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा।

स्कूल बसों की होगी विशेष जांच

बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी को सभी स्कूल बसों में इमरजेंसी एग्जिट, पैनिक बटन सहित अन्य सुरक्षा मानकों की जांच कराने तथा आरटीओ के माध्यम से बसों के फिटनेस प्रमाण-पत्रों का परीक्षण कराने के निर्देश दिए गए। वहीं क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) को सार्वजनिक वाहनों और स्कूल बसों की फिटनेस जांच, ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों पर कार्रवाई, स्कूल बस चालकों एवं परिचालकों की नेत्र जांच तथा शत-प्रतिशत पुलिस सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

सड़कों की मरम्मत और ब्लैक स्पॉट्स पर विशेष ध्यान

बैठक में सभी निर्माण विभागों को सड़कों की मरम्मत, दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट्स पर संकेतक बोर्ड लगाने, आवश्यकतानुसार स्पीड ब्रेकर बनाने तथा बारिश के दौरान जलभराव और पुल-पुलियों पर पानी के बहाव वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग एवं स्टॉप गेट लगाने के निर्देश दिए गए।

अतिक्रमण और नाबालिग वाहन चालकों पर भी होगी कार्रवाई

मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नीमच को सड़क किनारे अतिक्रमण कर सामान बेचने वाले दुकानदारों के विरुद्ध जब्ती और चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने यातायात पुलिस को नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों में केवल चालान ही नहीं, बल्कि वाहन स्वामी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने के निर्देश भी दिए। साथ ही राहत एवं राहवीर योजना के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश, एसडीएम पराग जैन, डिप्टी कलेक्टर चंद्र सिंह धार्वे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Post