डेस्क न्यूज
20 July, 2026
अन्य
नीमच। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" जनजागृति महाअभियान के तहत सोमवार को नारकोटिक्स प्रकोष्ठ नीमच ने स्थानीय धानुका फैक्ट्री में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में करीब 200 कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विशाल मानव श्रृंखला बनाकर "NO TO DRUGS" का संदेश दिया।
यह अभियान पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (नारकोटिक्स मुख्यालय भोपाल) डी. श्रीनिवास वर्मा तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक (नारकोटिक्स इंदौर) कुमार प्रतीक के निर्देशन में पूरे प्रदेश में संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नारकोटिक्स प्रकोष्ठ नीमच के निरीक्षक बलराम सिंह रघुवंशी ने नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं पारिवारिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि उसके पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करे।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण तब रहा जब लगभग 200 कर्मचारियों ने एक साथ मानव श्रृंखला बनाकर "NO TO DRUGS" का संदेश दिया। इस दौरान सभी कर्मचारियों ने नशामुक्त जीवन जीने तथा समाज में नशे के खिलाफ जनजागरण अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम के समापन पर निरीक्षक बलराम सिंह रघुवंशी ने उपस्थित कर्मचारियों को जीवनभर नशे से दूर रहने और अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई।
इस जागरूकता कार्यक्रम को सफल बनाने में सहायक उप निरीक्षक किरण शर्मा, प्रधान आरक्षक आशीष शुक्ला, आरक्षक प्रशांत कैथवास एवं आरक्षक राहुल जैन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के माध्यम से नशामुक्त समाज के निर्माण का प्रभावी संदेश दिया गया।