द वाॅचमेन पोस्ट
20 July, 2026
अन्य
नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा राजस्व कॉलोनी स्थित उद्यान में लगभग 12 लाख रुपये की लागत से निर्मित पाथवे का रविवार को लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर विधायक दिलीप सिंह परिहार मुख्य अतिथि तथा नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में विधायक निधि एवं कॉलोनीवासियों के सहयोग से विकसित किए गए कुएं का पूजन भी किया गया। साथ ही जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विधायक परिहार ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल करने और उन्हें पेड़ बनने तक संरक्षण देने का आह्वान किया। नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण सबसे बड़ी आवश्यकता है। केवल पौधारोपण ही नहीं, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी उतनी ही जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान वार्ड पार्षद राजेश लालवानी, राजस्व कॉलोनी विकास समिति के सदस्यों तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों की उपस्थिति रही। कॉलोनीवासियों ने उद्यान में पाथवे और कुएं के निर्माण के लिए विधायक दिलीप सिंह परिहार एवं नपाध्यक्ष स्वाति चोपड़ा का आभार व्यक्त किया।
नपाध्यक्ष चोपड़ा ने राजस्व कॉलोनीवासियों द्वारा उद्यान की नियमित देखरेख और सौंदर्यीकरण की सराहना करते हुए कहा कि यदि अन्य क्षेत्रों के रहवासी भी अपने-अपने उद्यानों की जिम्मेदारी इसी प्रकार निभाएं, तो नगर पालिका उन्हें हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।