द वाॅचमेन पोस्ट
20 July, 2026
अन्य
नीमच। सीटू (सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस) एवं विभिन्न जन संगठनों ने सोमवार को जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक, छात्र आंदोलन और शिक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर राष्ट्रपति के नाम एसडीएम पराग जैन को ज्ञापन सौंपा। इससे पहले कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन भी किया।
सीटू के प्रदेश सचिव शैलेंद्र सिंह ठाकुर, जिला कार्यकारी अध्यक्ष किशोर जवेरिया एवं जिला महासचिव सुनील शर्मा ने बताया कि ज्ञापन में नीट पेपर लीक की निष्पक्ष जांच, राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 को वापस लेने, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने, सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी का विरोध तथा जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन सहित विभिन्न मांगें उठाई गई हैं। ज्ञापन का वाचन जनवादी नौजवान सभा के नितेश यादव ने किया। इस दौरान वक्ताओं ने छात्र-छात्राओं पर कथित लाठीचार्ज और गीतांजलि पर हुए हमले की निंदा करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक विरोध प्रदर्शनों पर दमन लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो देशभर के श्रमिक, किसान, छात्र, युवा संगठन एवं अन्य जन संगठन मिलकर व्यापक राष्ट्रव्यापी आंदोलन करेंगे।
इस दौरान एसएफआई, डीवाईएफआई, सीटू, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी और अन्य जन संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।