ताजासमाचार

मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा का लाभ नीमच तक मिले, पूर्व विधायक डॉ. सम्पत स्वरूप जाजू ने उठाई मांग

द वाॅचमेन पोस्ट 19 July, 2026 राजनीति

नीमच। मध्यप्रदेश में अगले माह से शुरू होने जा रही मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा का लाभ नीमच जिले तक भी पहुंचाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। पूर्व विधायक डॉ. सम्पत स्वरूप जाजू ने मुख्यमंत्री एवं जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि मंदसौर तक प्रस्तावित बस सेवाओं का विस्तार नीमच तक किया जाए, ताकि जिले के लोगों को भी इस योजना का पूरा लाभ मिल सके।

डॉ. जाजू ने कहा कि इंदौर संभाग से शुरू होने वाली इस योजना के तहत इंदौर से मंदसौर संसदीय क्षेत्र के मंदसौर, नीमच और मनासा सहित कई क्षेत्रों को जोड़ने की योजना है। उन्होंने कहा कि नीमच में पहले से ही मध्यप्रदेश राज्य परिवहन निगम का पूर्ण विकसित बस डिपो, बस स्टैंड, वर्कशॉप, पेट्रोल पंप और कर्मचारियों के आवास जैसी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं। ऐसे में बस सेवाओं का विस्तार नीमच तक करना पूरी तरह व्यावहारिक और जनहित में होगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान प्रस्तावों में इंदौर से मनासा और इंदौर संभाग के अन्य जिलों से मंदसौर तक बस सेवाएं शुरू करने की बात है। यदि इन बसों को नीमच तक बढ़ाया जाता है, तो जिले के हजारों यात्रियों के साथ-साथ उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के विधानसभा क्षेत्र पिपलिया, मल्हारगढ़ और आसपास के सैकड़ों गांवों के लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा।

पूर्व विधायक ने जिले के सभी जनप्रतिनिधियों और उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा से आग्रह किया कि वे मुख्यमंत्री के समक्ष इस मांग को मजबूती से रखें, ताकि मंदसौर तक प्रस्तावित बस सेवाओं का विस्तार नीमच तक करने के आदेश जारी हो सकें। उन्होंने कहा कि अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि जिले के जनप्रतिनिधि इस जनहित की मांग को कितनी गंभीरता से उठाते हैं और नीमच को मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा का अधिकतम लाभ दिलाने के लिए क्या प्रयास करते हैं।

Related Post