ताजासमाचार

गोरखनाथ आश्रम के संत पर हमले से संत समाज में आक्रोश, एसपी कार्यालय पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

डेस्क न्यूज 20 July, 2026 अन्य

नीमच। जावद स्थित श्री गोरखनाथ आश्रम के संत मोजनाथ उर्फ सुखलाल के साथ हुई कथित जानलेवा मारपीट की घटना को लेकर सोमवार को जिलेभर के संत समाज में भारी आक्रोश देखने को मिला। बड़ी संख्या में संत, महंत एवं समाजजन पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के विरुद्ध तत्काल एवं कठोर कार्रवाई की मांग की।

संत समाज के प्रतिनिधियों ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि संत मोजनाथ पर सुनियोजित तरीके से जानलेवा हमला किया गया, जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आईं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग लंबे समय से आश्रम एवं मठ की भूमि पर कब्जा करने की नीयत से विवाद खड़ा कर रहे हैं। विरोध करने पर संत के साथ मारपीट की गई और उन्हें जान से मारने की धमकियां भी दी गईं।

प्रतिनिधियों ने कहा कि इस घटना ने धार्मिक स्थलों और संतों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

संत समाज की प्रमुख मांगें
घटना में शामिल सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी।
गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया जाए।
संत मोजनाथ को सुरक्षा प्रदान की जाए।
पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

एसपी कार्यालय परिसर में बड़ी संख्या में संतों और समाजजनों की मौजूदगी के चलते माहौल गंभीर बना रहा। इस दौरान संत समाज ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस द्वारा निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा तथा लोकतांत्रिक तरीके से आगे की रणनीति बनाई जाएगी।

एसपी ने दिया निष्पक्ष जांच का भरोसा

पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने प्रतिनिधिमंडल की बात गंभीरता से सुनते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत एवं उचित कार्रवाई की जाएगी।

Related Post