ताजासमाचार

IPS वरुण कपूर बने मध्यप्रदेश के नए जेल डीजी: प्रदेश में कानून व्यवस्था व साईबर सुरक्षा के हैं एक्सपर्ट

पंकज मलिक 01 August, 2025

भोपाल। (पंकज मलिक) वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वरुण कपूर को मध्यप्रदेश का नया पुलिस महानिदेशक (जेल) नियुक्त किया गया है। राज्य शासन ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। वरुण कपूर 1991 बैच के भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी हैं और वह अपने तेजतर्रार कार्यशैली और नवाचारों के लिए जाने जाते हैं।

वरुण कपूर इससे पहले इंदौर सहित प्रदेश के कई महत्वपूर्ण जिलों में पुलिस अधीक्षक और आईजी के पद पर सेवाएं दे चुके हैं। उनके साइबर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और जनसंपर्क के क्षेत्र में किए गए नवाचारों को सराहा गया है। 

इससे पहले उन्हें कुछ समय पहले ही स्पेशल डीजी के पद पर पदोन्नत किया गया था। आईपीएस वरुण कपूर साइबर सुरक्षा के एक्सपर्ट माने जाते हैं और साइबर सुरक्षा को लेकर उनके काफी सेमिनार कई स्कूल कॉलेज समाज सेवी संस्थाओं द्वारा कराए जा चुके हैं। आईपीएस वरुण कपूर सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहते हैं और सोशल मीडिया के माध्यम से भी वह साइबर सुरक्षा को लेकर आम जनता को सचेत करते रहते है।

वरुण कपूर वर्तमान में जेल विभाग, मध्य प्रदेश के महानिदेशक (डीजी) बन चुके हैं।इससे पहले वह इंदौर में एडीजी, पुलिस रेडियो ट्रेनिंग स्कूल के आईजीपी और नार्कोटिक्स के एडीजीपी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। 
 

उनकी खास उपलब्धियों में 2008 में उत्कृष्ट पुलिस सेवा और 2009 में शौर्य के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक, 2017 में गृह मंत्री का पदक और वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नाम शामिल किया जाना है। वह साइबर सुरक्षा जागरूकता, प्रशिक्षण, एंटी-ड्रग अभियान, ट्रैफिक व्यवस्था समेत कई सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहते हैं।

डीजी जेल के रूप में उनकी नियुक्ति से जेल प्रशासन में सुधार, तकनीकी प्रयोग और अनुशासन को लेकर नई पहल की उम्मीद जताई जा रही है।

प्रदेश सरकार ने उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता को ध्यान में रखते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। वरुण कपूर की नियुक्ति से जेल विभाग में सकारात्मक परिवर्तन और सुधार की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाने की संभावना है।

सूत्रों के अनुसार वे जल्द ही पदभार ग्रहण करेंगे. माना जा रहा है की सुरक्षा व कैदियों के पुनर्वास और व्यवस्था सुधार को लेकर बेहतर योजना बनाएंगे।

Related Post