ताजासमाचार

ट्रेन की टक्कर से लहुलूहान हुए नंदी - गौ सेवकों ने किया रेस्क्यू , एंबुलेंस और रेल्वे कर्मचारियों ने भी बढ़ाया हाथ - मौके पर लगाए 15 टांके बचाई जान 

डेस्क न्यूज़ 30 July, 2025 सामाजिक

नीमच। ट्रेन की टक्कर से लहूलूहान नंदी को बचाने के लिए फरिश्तों की तरह गौ सेवक नीमच सी-केबिन रेल्वे ट्रेक पर पहुंचे। 
टक्कर इतनी जोरदार थी कि नंदी रेल पटरी के किनारे जा गिरा, जहां एक ओर गहरी खाई थी और दूसरी ओर तीन रेल लाइनें। इस कठिन परिस्थिति में नंदी की जान बचाना एक बड़ी चुनौती थी।जैसे ही इस हादसे की सूचना गौ सेवा दल के सक्रिय सदस्य मितेश अहीर को मिली, वे बिना समय गंवाए अपनी गौ एम्बुलेंस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। परंतु समस्या यह थी कि जिस जगह नंदी गिरा था, वहां जेसीबी या क्रेन जैसे भारी वाहन पहुंच ही नहीं सकते थे। ऐसे में एकमात्र विकल्प था – मानवीय प्रयास और समर्पण।रेलवे कर्मचारियों, राहगीरों, और गौ सेवकों की मदद से लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद नंदी को तीन रेल लाइनों के ऊपर से सावधानीपूर्वक पार कराया गया। नंदी को जैसे-तैसे गौ एम्बुलेंस में लादा गया और उपचारशाला लाया गया, जहां मितेश अहीर ने उसकी गर्दन के पास लगे गंभीर घाव पर करीब 15 टांके लगाए और प्राथमिक उपचार किया। फिलहाल नंदी की हालत स्थिर बताई जा रही है। 


 

Related Post