ताजासमाचार

कारगिल दिवस मद्देनजर स्वच्छता सेवा संकल्प, पर्यावरण संस्था ने किया श्रमदान - ग्रीन नीमच - क्लीन नीमच का संदेश

डेस्क न्यूज़ 26 July, 2025 सामाजिक

नीमच। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर संकल्प पर्यावरण मित्र संस्था द्वारा शनिवार को एक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। यह अभियान रोडवेज बस स्टैंड नीमच सिटी मार्ग स्थित मुक्तिधाम परिसर में संचालित किया गया, जिसमें संस्था के सदस्यों ने प्रातः 8 से 10 बजे तक दो घंटे का श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।पर्यावरण मित्रों ने अभियान के तहत मुक्तिधाम परिसर में फैली प्लास्टिक, पॉलीथिन, फटे कपड़े, पन्नी, गंदा कचरा आदि को एकत्रित कर एक ट्रॉली से अधिक कचरा हटाया। इसके साथ ही गाजर घास, कंटीली झाड़ियां आदि की सफाई भी की गई। परिसर की सफाई कर उसे अधिक स्वच्छ और सुंदर स्वरूप प्रदान किया गया।इस अवसर पर संस्था के संरक्षक इंजीनियर नवीन कुमार अग्रवाल ने बताया कि संकल्प पर्यावरण मित्र संस्था विगत 11 वर्षों से शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं प्रदूषण मुक्त बनाने हेतु लगातार साप्ताहिक और विशेष अभियान चला रही है। संस्था के सदस्यों द्वारा नि:स्वार्थ भाव से किया गया यह सेवा कार्य आमजन को स्वच्छता के प्रति प्रेरित करता है और जनजागरण का माध्यम बनता है।संस्था अध्यक्ष किशोर बागड़ी ने नागरिकों से अपील की कि घरों और दुकानों से निकलने वाले गीले व सूखे कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में रखें और नगर पालिका की कचरा गाड़ी में ही डालें। यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाता है, तो उसे रोकें और टोकें। उन्होंने कहा कि यह शहर हमारा अपना है, इसे स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाना हम सभी का कर्तव्य है।इस स्वच्छता अभियान में संरक्षक नवीन कुमार अग्रवाल, अध्यक्ष किशोर बागड़ी, सचिव दुलीचंद कनेरिया, सुकुमार आगार, केशव सिंह चौहान सहित अन्य सदस्यों ने श्रमदान कर सक्रिय सहभागिता निभाई।उक्त जानकारी संस्था के सुकुमार आगार द्वरा दी गई।

Related Post