ताजासमाचार

डोम निर्माण विवाद में अब दूसरा पक्ष आया सामने, महिला के साथ छेड़छाड के आरोप को बताया निराधार

न्यूज डेस्क 10 July, 2025

नीमच। ग्राम बिसलवास में चल रहे डोम विवाद में अब दूसरा पक्ष सामने आया है। गुरूवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण वार्ड पंच अनिल जोशी  के समर्थन में उतर आए और महिला के आरोपो को निराधार बताते हुए कार्यवाही की मांग की। ग्रामीणों के अनुसार, गांव में डोम निर्माण को लेकर आम सहमति बनी थी कि यह कार्य माताजी मंदिर के समीप किया जाएगा, लेकिन संबंधित महिला द्वारा इसे अपने चिन्हित स्थान पर करवाने का दबाव बनाया जा रहा है। जब गांववासियों ने इसका विरोध किया, तो महिला ने विवाद को गलत दिशा देते हुए वार्ड पंच अनिल जोशी और अन्य ग्रामीणों पर छेड़छाड़ के झूठे आरोप लगाकर शिकायत कर दी।प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला द्वारा बीते दिनों पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में वार्ड पंच अनिल जोशी पर मारपीट, गाली-गलौज और अभद्रता जैसे आरोप लगाए गए, जिन्हें ग्रामीणों ने सिरे से नकारा है। ग्रामीणों का कहना है कि उक्त महिला पूर्व में भी कई बार इस तरह के झूठे आवेदन देकर गांव के सामाजिक माहौल को खराब करने का प्रयास कर चुकी है।वार्ड पंच अनिल जोशी ने अपने आवेदन में बताया कि वह गांव का स्थायी निवासी और जनप्रतिनिधि है, तथा हमेशा गांव के विकास और समाज हित में सक्रिय रहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि उक्त महिला राजनीतिक प्रभाव का दुरुपयोग करते हुए उन्हें और अन्य ग्रामीणों को परेशान कर रही है।ज्ञापन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के हस्ताक्षर थे, जिनमें गांव के वरिष्ठजन, युवा और समाजसेवी शामिल थे। सभी ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर अनावश्यक विवाद फैलाने वालों के विरुद्ध उचित वैधानिक कार्रवाई की जाए ताकि गांव का वातावरण शांत और सौहार्दपूर्ण बना रहे।

Related Post