न्यूज डेस्क
27 June, 2025
नीमच। भादवामाता मंदिर क्षेत्र में व्यवसाय कर रहे दुकानदारों ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक नीमच को एक संयुक्त ज्ञापन सौंपा। इसमें मंदिर के पुजारी राजू भील, उसके परिजनों और सहयोगियों पर झूठी शिकायतें कर प्रताड़ित करने और अवैध गतिविधियों में लिप्त होने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
दुकानदारों का कहना है कि राजू भील स्वयं को मंदिर का पुजारी बताकर अक्सर नशे की हालत में दुकानों पर आता है और शराब पीने के लिए जबरन पैसों की मांग करता है। इंकार करने पर वह अभद्र भाषा का प्रयोग करता है, गाली-गलौज करता है और अनुसूचित जनजाति वर्ग का दुरुपयोग करते हुए झूठे आरोप लगाकर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराता है।
व्यापारियों के अनुसार, पुजारी और उसके परिजनों द्वारा बार-बार झूठी शिकायतें कर दुकानदारों को मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान किया जा रहा है। इससे व्यापार पर असर पड़ा है और ग्राहक भी भय के कारण दुकानों पर आने से कतरा रहे हैं। दुकानदारों ने बताया कि संबंधित व्यक्ति आदतन अपराधी है और पूर्व में उसके विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई भी हो चुकी है।
ज्ञापन के माध्यम से दुकानदारों ने मांग की है कि इन झूठी शिकायतों की निष्पक्ष जांच की जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। साथ ही मंदिर क्षेत्र की शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाए, ताकि वे भयमुक्त होकर अपना व्यवसाय चला सकें।