ताजासमाचार

नीमच में शुरू हुई दो दिवसीय इंस्पायर अवॉर्ड विज्ञान प्रदर्शनी, 141 छात्रों ने दिखाया नवाचार

न्यूज डेस्क 27 June, 2025

नीमच । भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा संचालित "इंस्पायर अवार्ड" योजना के अंतर्गत दो दिवसीय जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का शुभारंभ 27 जून 2025 को माहेश्वरी भवन, नीमच में हुआ। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान, नवाचार और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को प्रोत्साहित करना है।

प्रदर्शनी का उद्घाटन अग्रणी महाविद्यालय के सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. के.एल. जाट एवं सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी सी.के. शर्मा के आतिथ्य में संपन्न हुआ। डॉ. जाट ने अपने उद्बोधन में कहा कि, “विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए मॉडल केवल प्रदर्शन तक सीमित न रहें, उन्हें जीवन में अपनाकर समाजोपयोगी बनाना चाहिए।” वहीं श्री शर्मा ने बच्चों को आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

जिला शिक्षा अधिकारी एस.एम. मांगरिया ने विद्यार्थियों को भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान वैज्ञानिक डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के जीवन से प्रेरणा लेने की बात कही।

प्रदर्शनी में नीमच एवं मंदसौर जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए 141 छात्र-छात्राओं ने विज्ञान पर आधारित नवाचार मॉडल्स एवं प्रोजेक्ट्स का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने तकनीकी कौशल का उत्कृष्ट उपयोग करते हुए कई नवीन, उपयोगी और क्रियाशील मॉडल प्रस्तुत किए।

प्रदर्शित प्रोजेक्ट्स का मूल्यांकन राष्ट्रीय नवप्रवर्तन प्रतिष्ठान, अहमदाबाद की वैज्ञानिक टीम – शिवानी दूबे, अंजली खन्ना, और स्थानीय विशेषज्ञ डॉ. अर्चना पंचोली एवं डॉ. तरुण जोशी द्वारा किया जाएगा। निर्णायक मंडल द्वारा 10 प्रतिशत विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी हेतु किया जाएगा।

इस अवसर पर प्रदर्शनी की रूपरेखा और संक्षिप्त विवरण जिला नोडल अधिकारी प्रलयकुमार उपाध्याय ने प्रस्तुत किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन अरुण सोलंकी द्वारा किया गया।

Related Post