ताजासमाचार

सीआरपीएफ की जन्मस्थली नीमच में हर्षोल्लास से मनाया गया 88वां स्थापना दिवस

द वॉचमैन पोस्ट 27 July, 2026 अन्य

शहीदों को श्रद्धांजलि, 8,888 पौधों का रोपण, स्वास्थ्य शिविर और विभिन्न प्रतियोगिताओं का हुआ आयोजन

नीमच। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का 88वां स्थापना दिवस उसकी जन्मस्थली नीमच स्थित ग्रुप केंद्र में उत्साह, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। वर्ष 1939 में तत्कालीन क्राउन रिप्रेजेंटेटिव्स पुलिस के रूप में नीमच से शुरू हुई सीआरपीएफ आज देश की आंतरिक सुरक्षा की सबसे सशक्त और विश्वसनीय सुरक्षा बलों में शामिल है। समारोह का आयोजन महानिरीक्षक नीतू डी. भट्टाचार्य के मार्गदर्शन में किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत महानिरीक्षक नीतू डी. भट्टाचार्य द्वारा शहीद पार्क में अमर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। स्थापना दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत ग्रुप केंद्र एवं आसपास के क्षेत्रों में 8,888 विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, सीआरपीएफ, नीमच की 88 छात्राओं ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लेकर महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया। वहीं, संयुक्त अस्पताल सीआरपीएफ, नीमच द्वारा निःशुल्क चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया, जिसमें जवानों एवं उनके परिवारजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर विशेषज्ञ चिकित्सकों ने आवश्यक परामर्श दिया।

भारत सरकार के गृह मंत्रालय के निर्देशानुसार विशेष अभियान के तहत सीआरपीएफ की गौरवगाथा पर आधारित चित्रकला, लघु वीडियो और क्विज प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। इनमें नीमच के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों की उत्कृष्ट प्रस्तुतियों को MyGov पोर्टल पर भी अपलोड किया गया। समारोह में ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) अनुपम शर्मा (उप महानिरीक्षक, सीटीसी), प्रमोद कुमार सिंह (उप महानिरीक्षक, आरटीसी) सहित रेंज कार्यालय, ग्रुप केंद्र, संयुक्त अस्पताल, प्रथम बटालियन एवं चतुर्थ सिग्नल बटालियन के अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी और बड़ी संख्या में जवान उपस्थित रहे। दिनभर चले कार्यक्रमों का समापन शाम को ग्रुप केंद्र परिसर के सभी मेसों में आयोजित पारंपरिक 'बड़ा खाना' के साथ हुआ। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन, सेवा, समर्पण और राष्ट्रभक्ति की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। अधिकारियों, जवानों, परिवारजनों और विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता ने सीआरपीएफ के 88वें स्थापना दिवस समारोह को यादगार बना दिया।

Related Post