द वॉचमैन पोस्ट
27 July, 2026
अन्य
नीमच। सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय नीमच में कारगिल विजय दिवस श्रद्धा, सम्मान और देशभक्ति के भाव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान सभा में कारगिल युद्ध के अमर शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करने से हुई।
इस अवसर पर महाविद्यालय में छात्राओं के लिए निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। निबंध प्रतियोगिता का विषय "भारतीय हूं" तथा पोस्टर प्रतियोगिता का विषय "भारतीय सेना" रखा गया। प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और भारतीय सेना के प्रति सम्मान को अपनी रचनाओं एवं पोस्टरों के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रतिभा कालानी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी का दायित्व है कि वह अपने सद्प्रयासों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने छात्राओं से राष्ट्र की प्रगति में बाधा बनने वाले तत्वों से दूर रहने तथा सदैव देशहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के तहत महाविद्यालय की एनसीसी इकाई की छात्राओं ने नीमच स्थित शहीद स्मृति स्मारक पहुंचकर कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और सम्मान कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। पूरे आयोजन के दौरान महाविद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा रहा। छात्राओं ने कारगिल के वीर जवानों के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।