ताजासमाचार

आयुष विभाग के निःशुल्क आयुर्वेद शिविरों में 77 मरीजों ने लिया स्वास्थ्य लाभ, ग्रामीणों को मिली मुफ्त जांच और दवाइयां

द वॉचमैन पोस्ट 27 July, 2026 सामाजिक

नीमच। आयुष विभाग के अंतर्गत जिले में संचालित शासकीय आयुर्वेदिक औषधालयों द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविरों का आयोजन लगातार किया जा रहा है। सोमवार को शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय पिपल्या रावजी एवं आलोरी गरवाड़ा द्वारा आयोजित दो अलग-अलग शिविरों में कुल 77 मरीजों ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया। शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय पिपल्या रावजी द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-3 में आयोजित शिविर में त्वचा रोग, उदर रोग, नेत्र रोग, श्वास-कास, अम्लपित्त, अग्निमांद्य, विबंध, स्त्री रोग, संधिवात, चर्म रोग तथा नाक-कान-गला संबंधी बीमारियों की जांच कर मरीजों को निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियां वितरित की गईं। इसके साथ ही आंगनवाड़ी के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। इस शिविर में 36 मरीजों ने उपचार का लाभ लिया।

वहीं, शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय आलोरी गरवाड़ा द्वारा ग्राम बल्दरखा स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में आयोजित शिविर में आमवात, संधिवात, त्वचा रोग, उदर रोग, विबंध, श्वास-कास, प्रतिश्याय, रक्ताल्पता, उच्च रक्तचाप, अर्श, अम्लपित्त एवं प्रमेह सहित विभिन्न रोगों की जांच कर निःशुल्क औषधियां वितरित की गईं। शिविर में बीपी की निःशुल्क जांच भी की गई, जिसमें 41 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। दोनों शिविरों में चिकित्सकों ने ग्रामीणों को मौसमी बीमारियों से बचाव, नशा मुक्ति, व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्वच्छता, संतुलित आहार, तनाव प्रबंधन तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं परामर्श भी दिया। शिविरों के सफल संचालन में आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. आबिद खान एवं डॉ. धीरज डावर, कंपाउंडर गोपाल कृष्ण गंधर्व, भगवान दास बैरागी, भगत राम, पंचायत प्रतिनिधियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं आशा कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

Related Post