डेस्क न्यूज़
27 July, 2026
अन्य
नीमच | शहर को स्वच्छ और कचरा मुक्त बनाने की दिशा में नगर पालिका परिषद नीमच लगातार जनजागरूकता अभियान चला रही है। इसी क्रम में सोमवार को नगर पालिका की मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने अल्कोलाइट कॉलोनी पहुंचकर महिलाओं को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों की जानकारी दी और घरों में सूखा एवं गीला कचरा अलग-अलग रखने की अपील की।
वार्ड नंबर 27 स्थित अल्कोलाइट कॉलोनी में पहुंची सीएमओ दुर्गा बामनिया ने महिलाओं को बताया कि घरों से निकलने वाले कचरे का सही प्रबंधन तभी संभव है, जब शुरुआत घर से ही की जाए। उन्होंने महिलाओं से घर में सूखे और गीले कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखने और कचरा संग्रहण वाहन में ही डालने की अपील की।
इस दौरान सीएमओ ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के तहत कचरा पृथक्करण, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, गीले एवं सूखे कचरे का वैज्ञानिक प्रबंधन और सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रतिबंध को लेकर विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि कचरा सड़क, नाली या सार्वजनिक स्थानों पर नहीं फेंके, क्योंकि इससे गंदगी फैलने के साथ ही पर्यावरण और स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान कॉलोनी की महिलाओं ने सीएमओ को भरोसा दिलाया कि वे अपने घरों में सूखा और गीला कचरा अलग-अलग डस्टबिन में एकत्रित करेंगी और स्वच्छता नियमों का पूरी तरह पालन करेंगी।
इस अवसर पर स्वच्छता जागरूकता अभियान में सहयोग कर रही यूनिक वेस्ट मैनेजमेंट आईईसी टीम के सदस्य जाईनखान भसीन, निकिता जाट, देवकिशन सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।