डेस्क न्यूज़
27 July, 2026
अन्य
नीमच | शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए नगर पालिका परिषद नीमच ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई की है। सोमवार को नगर पालिका की टीम ने दिनभर विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर दुकानों के बाहर सड़क तक फैले सामान, अवैध गुमटियों और ठेलों को हटाया।
नगर पालिका की यह कार्रवाई अंबेडकर मार्ग स्थित सांई मंदिर से शुरू हुई और भगवानपुरा चौराहा तक पहुंची। इस दौरान सड़क किनारे दुकानदारों द्वारा रखे गए सामान को हटवाया गया। कई स्थानों पर दुकानों के बाहर तक सामान फैलाकर रास्ते में बाधा उत्पन्न की जा रही थी, जिसे नपा टीम ने हटाने की कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान कई दुकानदारों को पहले समझाइश देकर सामान हटाने के निर्देश दिए गए, लेकिन बार-बार समझाने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाने वाले लोगों पर कार्रवाई की गई। ऐसे दुकानदारों का सामान जब्त किया गया।
वहीं सड़क किनारे अतिक्रमण की नीयत से लंबे समय से रखी गई बंद गुमटियों और ठेलों को भी नगर पालिका टीम ने जब्त कर लिया। अभियान के दौरान कुल 7 ट्रॉली सामान जब्त कर पुरानी नगर पालिका परिसर पहुंचाया गया।
इसके साथ ही अतिक्रमण करने वाले 20 लोगों के चालान बनाए गए और उनसे 10 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
इस कार्रवाई में नगर पालिका की टीम जेसीबी, ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य संसाधनों के साथ मौके पर पहुंची। अभियान का नेतृत्व राजस्व विभाग के अधिकारियों ने किया। टीम में राजस्व निरीक्षक, सहायक राजस्व निरीक्षक, नपा कर्मचारी और स्वच्छता विभाग के कर्मचारी शामिल रहे।
नगर पालिका अधिकारियों ने बताया कि शहर में पार्किंग व्यवस्था बेहतर बनाने और आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दुकानों के बाहर सड़क तक सामान रखने, गुमटी और ठेले लगाकर यातायात बाधित करने वालों पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही गंदगी फैलाने और अतिक्रमण करने पर जुर्माने का प्रावधान भी लागू रहेगा।
नियमों के अनुसार पहली बार अतिक्रमण मिलने पर 200 रुपये, दूसरी बार 500 रुपये और तीसरी बार 1000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। इसके बाद भी अतिक्रमण जारी रहने पर सामान जब्त कर राजसात करने की कार्रवाई की जाएगी।