ताजासमाचार

नीमच गोल्डक्रेस्ट सीमेंट फैक्ट्री में मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस ने शुरू की जांच

डेस्क न्यूज़ 27 July, 2026 अन्य

नीमच | जिले के सकराना घाट क्षेत्र स्थित गोल्डक्रेस्ट सीमेंट फैक्ट्री में सोमवार सुबह एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद फैक्ट्री के साथी मजदूर उसे तत्काल जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान 53 वर्षीय देवनंदन राम पिता छेदी राम, निवासी परसावनी खास, जिला गोपालगंज (बिहार) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार देवनंदन राम सकराना घाट स्थित गोल्डक्रेस्ट सीमेंट फैक्ट्री परिसर के मजदूर क्वार्टर में रहकर काम करता था।

बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह देवनंदन राम अपने कमरे में मौजूद था। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और चक्कर आने के बाद वह जमीन पर गिर पड़ा। साथी कर्मचारियों ने तुरंत उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और पंचनामा कार्रवाई करते हुए मर्ग कायम किया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Related Post