द वॉचमैन पोस्ट
27 July, 2026
सामाजिक
नीमच। आरोग्य भारती जिला नीमच के तत्वावधान में ग्राम थड़ोली को स्वस्थ ग्राम योजना के अंतर्गत चयनित कर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में आरोग्य भारती के अखिल भारतीय स्वस्थ ग्राम योजना प्रमुख एवं मध्य क्षेत्र संयोजक भोलनाथ ने ग्रामीणों को प्रशिक्षण देते हुए स्वस्थ ग्राम विकसित करने के विभिन्न आयामों की जानकारी दी।
कार्यशाला में पीपीटी के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति, स्वदेशी जीवनशैली, प्राथमिक उपचार, योग, औषधीय पौधारोपण, घरेलू उपचार एवं विद्यालय स्वास्थ्य कार्यक्रम जैसे विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों के सतत संचालन से गांव को पूर्णतः स्वस्थ एवं आदर्श ग्राम बनाया जा सकता है। साथ ही बालाजी धाम समिति द्वारा ग्राम विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए सभी ग्रामीणों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। कार्यक्रम में आरोग्य भारती मालवा प्रांत अध्यक्ष डॉ. विष्णुसेन कछावा ने संगठन के उद्देश्यों एवं कार्यों पर प्रकाश डाला। वहीं जिला अध्यक्ष अजय भटनागर ने आरोग्य भारती और ग्रामीणों के सामूहिक सहयोग से थड़ोली को स्वस्थ ग्राम बनाने का आह्वान किया।
बालाजी धाम समिति के सचिव लोकेश कारपेंटर ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से समिति एवं ग्रामीणों द्वारा जनसहयोग से किए गए विकास कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन स्वस्थ ग्राम जिला प्रमुख राजमल व्यास ने किया, जबकि आभार ग्राम सचिव राजमल कछावा ने व्यक्त किया। कार्यशाला में जनपद अध्यक्ष शारदा बाई मदनलाल धनगर, सरपंच गोपाल मीणा, मालवा प्रांत सह सचिव डॉ. आशीष जोशी, जिला सचिव प्रो. आशीष कुमार सोनी, नीमच नगर अध्यक्ष पारस जैन, उपाध्यक्ष मीना जायसवाल, सह सचिव नकुल जैन, निकिता सिंहल, टीना गर्ग गेहलोत, अनिल मालवीय, आशीष शर्मा, बालाजी धाम समिति के सदस्य, आरोग्य भारती के पदाधिकारी एवं 150 से अधिक ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान औषधीय पौधों की प्रदर्शनी भी लगाई गई तथा औषधीय पौधारोपण किया गया। कार्यशाला का समापन स्नेहभोज के साथ हुआ।