द वॉचमैन पोस्ट
27 July, 2026
अन्य
भोपाल रहा उपविजेता, नर्मदापुरम ने हासिल किया प्रथम रनर-अप का स्थान
नीमच। नगर के प्रमुख तरण पुष्कर (स्विमिंग पूल) में आयोजित 30वीं मध्य प्रदेश स्टेट ट्रायथलॉन एवं एक्वाथलॉन चैंपियनशिप-2026 का तीन दिवसीय आयोजन शानदार माहौल में संपन्न हुआ। प्रदेशभर से आए खिलाड़ियों ने तैराकी, साइकिलिंग और दौड़ की चुनौतीपूर्ण स्पर्धाओं में दमदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में मेजबान नीमच जिले ने 20 पदक (9 स्वर्ण, 6 रजत और 5 कांस्य) जीतकर ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। भोपाल उपविजेता और नर्मदापुरम प्रथम रनर-अप रहा।
जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
समापन समारोह में सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक दिलीप सिंह परिहार, जावद विधायक एवं पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा, मनासा विधायक अनिरुद्ध (माधव) मारू, भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल तथा नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि खेल भावना से राष्ट्र भावना मजबूत होती है और राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। विधायक ओमप्रकाश सकलेचा ने खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए प्रेरित किया, जबकि विधायक अनिरुद्ध मारू ने अनुशासन और समर्पण को सफलता की कुंजी बताया।
भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल ने कहा कि ऐसे राज्यस्तरीय आयोजन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर देते हैं। नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा ने खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बताते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मेंटर प्रभु मूलचंदानी और मोटिवेटर राकेश कोठारी ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर तकनीकी अधिकारियों एवं कोचों का सम्मान किया गया तथा विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और पुरस्कार प्रदान किए गए।
प्रमुख परिणाम
एक्वाथलॉन (जूनियर बालक वर्ग)
स्वर्ण: आयुष शर्मा (नीमच)
रजत: आरव शर्मा (नीमच)
कांस्य: पृथ्वीराज सिंह हरोड़ (रतलाम)
एक्वाथलॉन (जूनियर बालिका वर्ग)
स्वर्ण: कनक श्रीधरवाल (नीमच)
रजत: अन्वी खंडूरी (भोपाल)
कांस्य: आस्था गोसाई (इंदौर)
ट्रायथलॉन (पुरुष वर्ग)
स्वर्ण: अमन प्रजापति (भोपाल)
रजत: सरगम बाथरे (नर्मदापुरम)
कांस्य: जतिन अहिरवार (विदिशा)
ट्रायथलॉन (जूनियर बालक वर्ग)
स्वर्ण: आरव शर्मा (नीमच)
रजत: आयुष शर्मा (नीमच)
कांस्य: राजवीर तिवारी (रीवा)
ट्रायथलॉन (जूनियर बालिका वर्ग)
स्वर्ण: कनक श्रीधरवाल (नीमच)
रजत: तनिष्क सिंह (भोपाल)
कांस्य: अन्वी खंडूरी (भोपाल)
बड़ी संख्या में रहे मौजूद
समापन समारोह में मध्य प्रदेश ट्रायथलॉन एवं ओलंपिक एसोसिएशन के वरिष्ठ सदस्य ओ.पी. अवस्थी, मध्य प्रदेश ट्रायथलॉन एसोसिएशन के सचिव उमाशंकर व्यास, फेडरेशन के संयुक्त सचिव जे.पी. सक्सेना, संघ के पदाधिकारी, कोच, खिलाड़ी, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। अंत में जिला सचिव नितेश शर्मा ने आयोजन को सफल बनाने में जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, नगर पालिका, पीडब्ल्यूडी एवं यातायात पुलिस के सहयोग के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।