द वॉचमैन पोस्ट
27 July, 2026
अन्य
नीमच, 27 जुलाई। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 88वें स्थापना दिवस के अवसर पर आरसीडब्ल्यूए, आरटीसी नीमच द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं बच्चों में रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वृक्षारोपण कार्यक्रम तथा "कलर ऑफ करेज" विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आरटीसी परिसर के बच्चों के साथ-साथ नीमच जिले के विभिन्न विद्यालयों के 100 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी चित्रकृतियों के माध्यम से साहस, देशभक्ति, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक मूल्यों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के विजेताओं को सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान पर धानशिका (कक्षा-4, के.वी. स्कूल नीमच), दिव्यांश हरित (कक्षा-7, कार्मेल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल) एवं जयाज पंत (कक्षा-9, कार्मेल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल) रहे। द्वितीय स्थान रुहान (कक्षा-4, के.वी. क्रमांक-1), फाल्गुनी विशुआ (कक्षा-7, कार्मेल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल) एवं निदा (कक्षा-12, संदीपनी शासकीय विद्यालय) ने प्राप्त किया। वहीं तृतीय स्थान प्रानवी हाड़ा (कक्षा-4, के.वी.एस. क्रमांक-1), अनुष्का कनोवर (कक्षा-8, लिटिल फ्लॉवर स्कूल) एवं गीत नाथवानी (कक्षा-9, कार्मेल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल) को मिला। संतोषजनक प्रदर्शन के लिए वैष्णवी जैन (कक्षा-11, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नीमच) को भी सम्मानित किया गया। आरसीडब्ल्यूए, आरटीसी नीमच की अध्यक्ष अनीता सिंह ने सभी परिवारजनों को सीआरपीएफ के 88वें स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में देशभक्ति, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता और रचनात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के तहत "हरित भारत" की संकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से आरटीसी परिसर में सैकड़ों पौधों का रोपण भी किया गया। अधिकारियों, पदाधिकारियों एवं परिवारजनों ने पौधों के संरक्षण का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर ऋतु यादव, कर्मजीत, पिंकी, वर्षा सहित आरसीडब्ल्यूए के पदाधिकारी, परिवारजन एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने बच्चों की सृजनात्मक प्रतिभा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता का प्रभावी संदेश दिया।