ताजासमाचार

नवकार सेवा संस्थान की नई टीम ने संभाली जिम्मेदारी, शपथ के साथ समाज सेवा का लिया संकल्प

डेस्क न्यूज़ 27 July, 2026 अन्य

नीमच | स्थानीय नाकोड़ा पार्श्वधाम में जैन समाज की सामाजिक संस्था श्री नवकार सेवा संस्थान का पदग्रहण एवं शपथ ग्रहण समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नई कार्यकारिणी ने सेवा, समर्पण और पारदर्शिता के साथ समाज हित में कार्य करने का संकल्प लिया।

समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन, नवकार महामंत्र स्तुति और नाकोड़ा भैरव की भक्ति के साथ हुई। इसके बाद सदस्यों के लिए मनोरंजक गतिविधियों और गेम्स का आयोजन किया गया, जिसमें विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में निवर्तमान अध्यक्ष माया वीरवाल ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का श्रेय संस्था के पदाधिकारियों और सदस्यों के सहयोग को देते हुए सभी का आभार जताया। उन्होंने नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

वहीं कोषाध्यक्ष अंजू जैन ने वार्षिक आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया, जबकि सचिव भावना चौधरी ने संस्था की सेवा गतिविधियों और आगामी कार्यों की जानकारी दी।

शपथ ग्रहण समारोह में चयन समिति द्वारा निर्वाचित नई कार्यकारिणी को संस्था की संस्थापक अध्यक्ष कल्पना मोगरा ने सेवा, सत्यनिष्ठा और समर्पण की शपथ दिलाई।

नई कार्यकारिणी में चंदा कोठारी अध्यक्ष, कला वीरवाल और प्रीति छिंगावत उपाध्यक्ष, भूमिका जैन सचिव, मीना दक कोषाध्यक्ष, संतोष चौहान सहसचिव और टीना सहलोत सह-कोषाध्यक्ष नियुक्त हुईं।

नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संस्था की जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ निभाने तथा समाज सेवा और जनहित के कार्यों को नई दिशा देने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में संस्था की बड़ी संख्या में सदस्याएं मौजूद रहीं। अंत में निवर्तमान सचिव भावना चौधरी ने सभी का आभार व्यक्त किया और समारोह का समापन स्नेहभोज के साथ हुआ।

Related Post