डेस्क न्यूज
27 July, 2026
अन्य
नीमच। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (नई दिल्ली) के तत्वावधान में रंगाभास नाट्यशाला एवं कलाव्योम फाउंडेशन के सहयोग से फ्यूचर प्राइड विद्यालय, नीमच में आयोजित एक माह की "बाल रंगमंच कार्यशाला–2026" का समापन गुरुवार को उत्साह और उल्लास के साथ हुआ।
कार्यशाला में विद्यालय के 36 बच्चों ने सहभागिता की। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय से जुड़ी वरिष्ठ रंगकर्मी सावित्री एस. मिश्रा ने बच्चों को अभिनय, संवाद अदायगी, वॉइस मॉड्यूलेशन, बॉडी लैंग्वेज तथा मंच सज्जा का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। कार्यशाला का संचालन एवं निर्देशन सुशील कान्त मिश्रा के मार्गदर्शन में किया गया।
लगातार 30 दिनों तक चली इस कार्यशाला के दौरान बच्चों ने अभिनय की बारीकियों के साथ-साथ अनुशासन, टीमवर्क, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास जैसे महत्वपूर्ण जीवन कौशल भी सीखे। समापन समारोह में बच्चों ने एक प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुति दी, जिसने उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों की भरपूर सराहना और तालियां बटोरीं।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ-साथ कार्यशाला के सफल आयोजन के लिए आयोजकों की प्रशंसा की।
आयोजकों ने बताया कि रंगाभास नाट्यशाला का उद्देश्य राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के सहयोग से बच्चों को रंगमंच के माध्यम से रचनात्मक अभिव्यक्ति, व्यक्तित्व विकास और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ना है।
कार्यशाला के निर्देशक ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले नीमच शहर के सभी प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकारों तथा मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।