डेस्क न्यूज
27 July, 2026
अन्य
नीमच। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद रविवार शाम जिला कांग्रेस कमेटी नीमच के नेतृत्व में शहर में विजय मार्च निकाला गया। गांधी भवन परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ शुरू हुए इस मार्च में कांग्रेस, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, छात्रों तथा आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। हाथों में तिरंगे और कांग्रेस के झंडे लिए कार्यकर्ताओं ने छात्र हितों, शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और लोकतंत्र के समर्थन में नारे लगाए।
विजय मार्च का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने किया। इस दौरान भानु प्रताप राठौर, बृजेश मित्तल, संदीप चौधरी, गजेंद्र यादव, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौरसिया, मधु बंसल सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मार्च का समापन सभा के रूप में हुआ।
सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा छात्रों, युवाओं और विपक्ष के संघर्ष की जीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि देशभर में हुए आंदोलनों और युवाओं के दबाव के चलते केंद्र सरकार को यह निर्णय लेना पड़ा। उन्होंने कहा कि यह विजय मार्च उन लाखों छात्रों को समर्पित है जिन्होंने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और न्याय की मांग को मजबूती से उठाया।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने छात्रों की आवाज़ को संसद से लेकर सड़क तक प्रभावी ढंग से उठाया। वक्ताओं ने NEET परीक्षा से जुड़े मामलों में प्रभावित छात्रों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पूरे आयोजन के दौरान छात्र हितों की रक्षा, शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और युवाओं के अधिकारों के समर्थन में नारे लगाए गए। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से पूरे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल देखने को मिला।