डेस्क न्यूज़
26 July, 2026
अन्य
नीमच। श्री नवकार सेवा संस्थान, नीमच द्वारा नाकोड़ा पार्श्वधाम में मिलन समारोह का आयोजन कर वर्ष 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। समारोह में संस्थान की संस्थापक अध्यक्ष कल्पना मोगरा की उपस्थिति में वर्तमान अध्यक्ष माया वीरवाल एवं चयन समिति के सदस्यों की सहमति से नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। कार्यक्रम में नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।
नई कार्यकारिणी में चंदा कोठारी को अध्यक्ष, कला वीरवाल एवं प्रीति छिंगावत को उपाध्यक्ष, भूमिका जैन को सचिव, मीना दक को कोषाध्यक्ष, संतोष चौहान को सह सचिव तथा टीना सेहलोत को सह कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। साथ ही संस्था के सभी सदस्यों को कार्यकारिणी में शामिल कर संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने का निर्णय लिया गया।
मिलन समारोह के दौरान नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया। इस अवसर पर नई कार्यकारिणी ने संस्था की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का विश्वास व्यक्त करते हुए समाज सेवा, मानवता, जरूरतमंदों की सहायता एवं जनहित के कार्यों को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मौजूद सदस्यों ने विश्वास जताया कि नई टीम के नेतृत्व में श्री नवकार सेवा संस्थान सामाजिक सरोकारों से जुड़े सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करेगा। संस्था भविष्य में जरूरतमंदों की सहायता, सामाजिक जागरूकता, सेवा गतिविधियों और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित करने की दिशा में कार्य करेगी।
समारोह का समापन सभी सदस्यों के पारस्परिक परिचय, शुभकामनाओं एवं संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के संकल्प के साथ हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में संस्थान के सदस्य उपस्थित रहे और सभी ने नई कार्यकारिणी को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।