द वॉचमैन पोस्ट
26 July, 2026
अन्य
नीमच। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर मनासा नाका स्थित शहीद पार्क में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, जिला नीमच के तत्वावधान में श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अद्वितीय साहस, शौर्य और बलिदान को याद किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि विधायक दिलीप सिंह परिहार एवं नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन किया। इसके बाद स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों की स्मृति में ऐतिहासिक वटवृक्ष पर भी पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में भारतीय सेना ने विषम परिस्थितियों और दुर्गम पहाड़ियों पर अद्वितीय पराक्रम का परिचय देते हुए देश की सीमाओं की रक्षा की। भारतीय सैनिकों का बलिदान सदैव देशवासियों को राष्ट्रभक्ति, साहस और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता रहेगा। समारोह का संचालन देवेंद्र सिंह परिहार ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, एनसीसी कैडेट, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं शहरवासी उपस्थित रहे। सभी ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनसमुदाय ने कहा कि कारगिल के वीर सपूतों का त्याग और बलिदान हमेशा देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा और उनकी वीरगाथा आने वाली पीढ़ियों को देशसेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी।