द वॉचमैन पोस्ट
26 July, 2026
अन्य
सागर। मध्यप्रदेश में निजी बसों का संचालन अगले कुछ दिनों में प्रभावित हो सकता है। सागर में रविवार को आयोजित मध्य प्रदेश बस ओनर्स एसोसिएशन की प्रदेश स्तरीय बैठक में 55 जिलों से पहुंचे बस संचालकों ने सरकार को अंतिम चेतावनी देते हुए ऐलान किया कि यदि उनकी लंबित मांगों पर 7 अगस्त 2026 तक निर्णय नहीं लिया गया, तो 8 अगस्त की रात 12 बजे से प्रदेशभर में निजी बसों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी जाएगी।
बैठक में एसोसिएशन के पदाधिकारियों और बस ऑपरेटरों ने सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया। प्रदेश महामंत्री जय कुमार जैन ने बताया कि सागर स्थित आदर्श गार्डन में आयोजित बैठक में सात सूत्रीय एजेंडे पर विस्तृत चर्चा की गई, जिसमें सबसे प्रमुख मुद्दा वर्षों से लंबित बस किराया वृद्धि का रहा। बस संचालकों का कहना है कि वर्ष 2021 में डीजल की कीमत करीब 69 रुपए प्रति लीटर थी, जो अब 100 रुपए प्रति लीटर से अधिक हो चुकी है। इसके बावजूद प्रदेश में बस किराए में कोई संशोधन नहीं किया गया। वहीं पड़ोसी राज्यों में कई बार किराया बढ़ाया जा चुका है और हाल ही में महाराष्ट्र में भी बस किराया लगभग 2 रुपए प्रति यात्री प्रति किलोमीटर कर दिया गया है। बैठक में बस संचालकों ने 7 जुलाई 2026 को प्रकाशित राजपत्र के माध्यम से प्रस्तावित राष्ट्रीयकरण योजना का भी विरोध किया। उनका कहना है कि इस योजना से निजी बस ऑपरेटरों और उनके परिवारों की आजीविका प्रभावित होगी, इसलिए इसे तत्काल वापस लिया जाए।
इसके अलावा बस ऑपरेटरों ने टेंडर के माध्यम से रॉयल्टी वसूली की प्रक्रिया बंद करने, पहले से पंजीकृत वाहनों को वैध मानने, परिवहन कार्यालयों में लंबित कार्यों का समयबद्ध निस्तारण करने तथा 15 वर्ष पुराने स्टेज कैरिज वाहनों की आयु सीमा समाप्त कर फिटनेस अवधि तक परमिट जारी रखने जैसी मांगें भी सरकार के सामने रखीं। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि यदि 7 अगस्त तक सरकार की ओर से कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो 8 अगस्त की रात 12 बजे से पूरे मध्यप्रदेश में निजी बसों का संचालन बंद कर दिया जाएगा, जिससे प्रदेशभर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पर व्यापक असर पड़ सकता है।