ताजासमाचार

अच्छी बारिश और खुशहाली की कामना, चंद्रवंशी ग्वाला-गवली समाज ने निभाई वर्षों पुरानी उज्जैयनी परंपरा

डेस्क न्यूज़ 26 July, 2026 अन्य

नीमच। अच्छी वर्षा, हरियाली और समृद्धि की कामना के साथ रविवार को शहर की ग्वालटोली में श्री चंद्रवंशी ग्वाला-गवली समाज द्वारा पारंपरिक उज्जैयनी गांव बाहर रोटी कार्यक्रम श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज के महिला-पुरुष, युवा और बच्चों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर इंद्रदेव की विशेष पूजा-अर्चना की तथा समय पर अच्छी वर्षा, किसानों की खुशहाली और जनकल्याण की प्रार्थना की।

कार्यक्रम का शुभारंभ श्री राधाकृष्ण मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच इंद्रदेव के विधि-विधान से पूजन एवं हवन के साथ हुआ। धार्मिक अनुष्ठान के बाद समाज के सभी परिवार खुले स्थान पर एकत्रित हुए और परंपरा के अनुसार अपने-अपने हाथों से भोजन तैयार किया।

परंपरा के अनुसार तैयार किए गए भोजन का पहला भोग इंद्रदेव को अर्पित किया गया। इस दौरान प्रदेश एवं जिले में भरपूर वर्षा, अच्छी फसल, किसानों की समृद्धि, सुख-शांति और जनकल्याण की मंगलकामना की गई।

समाज के वरिष्ठजनों ने बताया कि उज्जैयनी गांव बाहर रोटी की यह परंपरा वर्षों पुरानी है और समाज की आस्था का प्रमुख केंद्र रही है। मान्यता है कि सामूहिक पूजा, हवन और प्रार्थना से इंद्रदेव प्रसन्न होकर अच्छी वर्षा का आशीर्वाद प्रदान करते हैं, जिससे किसानों और आमजन के जीवन में खुशहाली आती है।

इस अवसर पर नवयुवक मंडल अध्यक्ष विजय पडरिया ने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि समाज की एकता, सांस्कृतिक विरासत और प्रकृति के प्रति सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं तथा सामाजिक एकजुटता को भी मजबूत बनाते हैं।

कार्यक्रम के अंत में सभी समाजजनों ने क्षेत्र में पर्याप्त वर्षा, अच्छी फसल, सुख-शांति और समृद्धि की कामना करते हुए सामूहिक भोजन ग्रहण किया। पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और पारंपरिक संस्कृति की सुंदर झलक देखने को मिली।

Related Post