ताजासमाचार

विशाल खेल मैदान बचाने सड़क पर उतरा जनसैलाब, 2 घंटे धरना देकर SDM पराग जैन को सौंपा कलेक्टर के नाम ज्ञापन

द वॉचमैन पोस्ट 26 July, 2026 अन्य

'मैदान नहीं तो खिलाड़ी नहीं' के नारों से गूंजा भारत माता चौराहा, सीएम राइज़ स्कूल अन्यत्र बनाने और क्रमांक-2 मैदान को संरक्षित रखने की मांग

नीमच। शहर के शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 के विशाल खेल मैदान को बचाने की मांग को लेकर रविवार को भारत माता चौराहा (40 चौराहा) पर जनआक्रोश फूट पड़ा। 'खेल मैदान बचाओ संघर्ष समिति' के बैनर तले दोपहर 12 से 2 बजे तक आयोजित धरना-प्रदर्शन में सैकड़ों खिलाड़ी, खेल प्रेमी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, मॉर्निंग वॉकर्स, अभिभावक और शहरवासी शामिल हुए। प्रदर्शन के बाद कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के नाम ज्ञापन एसडीएम पराग जैन को सौंपा गया।

धरना स्थल पर "मैदान नहीं तो खिलाड़ी नहीं", "मैदान बचेगा तभी खेल बढ़ेगा" जैसे गगनभेदी नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सीएम राइज़ स्कूल (सांदीपनि विद्यालय) के निर्माण के लिए पूरे मैदान का ले-आउट तैयार किया जा रहा है, जिससे खिलाड़ियों के लिए पर्याप्त स्थान नहीं बचेगा।

जरूरत पड़ी तो भगत सिंह बनने से भी पीछे नहीं हटेंगे

धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि आंदोलन पूरी तरह गांधीवादी और शांतिपूर्ण है, लेकिन यदि शहर के खिलाड़ियों और युवाओं के भविष्य से समझौता किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन को जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए मैदान को बचाने का निर्णय लेना चाहिए।

खेल मैदान को बताया शहर का 'हृदय स्थल'

ज्ञापन में कहा गया कि क्रमांक-2 का खेल मैदान केवल एक खाली जमीन नहीं, बल्कि शहर का सबसे बड़ा सार्वजनिक खेल परिसर है, जहां क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, बास्केटबॉल, रनिंग, लॉन्ग जंप सहित कई खेलों का नियमित अभ्यास होता है। इसी मैदान पर राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित होती हैं। इसके अलावा 15 अगस्त, 26 जनवरी जैसे राष्ट्रीय समारोह, दीपावली पटाखा बाजार और अन्य सामाजिक-धार्मिक कार्यक्रम भी यहीं आयोजित किए जाते हैं।

समिति की प्रमुख मांगें

संघर्ष समिति ने प्रशासन के समक्ष तीन प्रमुख मांगें रखीं—

  • क्रमांक-2 खेल मैदान को स्थायी रूप से खेल गतिविधियों के लिए संरक्षित घोषित किया जाए।
  • प्रस्तावित सीएम राइज़ स्कूल का निर्माण शहर की किसी अन्य उपयुक्त और विवाद-मुक्त भूमि पर कराया जाए।
  • मैदान पर खिलाड़ियों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं विकसित कर नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए।

समिति ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो चरणबद्ध उग्र जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।

बड़ी संख्या में खिलाड़ी और सामाजिक संगठन हुए शामिल

धरना-प्रदर्शन में शहर के विभिन्न क्रिकेट, फुटबॉल, बास्केटबॉल क्लबों के खिलाड़ी, राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय खिलाड़ी, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, मॉर्निंग वॉकर्स, स्कूली छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान कई समाजसेवियों एवं खेल प्रतिनिधियों ने मैदान संरक्षण के समर्थन में अपने विचार रखे।

SDM को सौंपा ज्ञापन

धरना-प्रदर्शन के समापन पर समाजसेवी कपिल सिंह चौहान ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन का वाचन किया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम पराग जैन को ज्ञापन सौंपा। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन इंजीनियर नवीन कुमार अग्रवाल ने किया। समिति ने ज्ञापन की प्रतियां राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव (शिक्षा) एवं जिला शिक्षा अधिकारी को भी भेजने की जानकारी दी।

Related Post