डेस्क न्यूज
15 June, 2025
प्रशासनिक
नीमच। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार जिले में कानून व्यवस्था की मजबूती और पुलिसिंग की गुणवत्ता में सुधार के उद्देश्य से 14-15 जून 2025 की मध्यरात्रि जिला पुलिस बल के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा विभिन्न पुलिस थानों का औचक निरीक्षण किया गया।
पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने पुलिस थाना बघाना का निरीक्षण कर हवालात, सीसीटीवी सिस्टम, अपराध रजिस्टर, एमएलसी रजिस्टर, वारंट तामीली, गुंडा और एचएस फाइलों का गहन अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, हवालात की व्यवस्था और सीसीटीवी की सतत निगरानी व्यवस्था को सुनिश्चित करने हेतु सख्त निर्देश दिए गए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया ने थाना जीरन का निरीक्षण किया। नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान ने पुलिस थाना नीमच केंट, नीमच सिटी, बघाना और जीरन का निरीक्षण कर थानों में मौजूद अभिलेखों, मालखाना, हवालात और बीट पुस्तकों की स्थिति की समीक्षा की।

प्रभारी एसडीओपी जावद निकीता सिंह ने जावद, रतनगढ़ और सिंगोली थानों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं एसडीओपी मनासा साहेबा अंसारी ने मनासा, कुकड़ेश्वर और रामपुरा थानों का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण दस्तावेजों का परीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने थानों में मौजूद रजिस्टरों, सीसीटीवी व्यवस्था, रात्रि गश्त, निगरानी सूची, हवालात, मालखाना और अन्य पुलिस रिकॉर्ड का गंभीरता से अवलोकन कर संबंधित थाना प्रभारियों को कानून व्यवस्था की सुदृढ़ता हेतु आवश्यक निर्देश प्रदान किए।