डेस्क न्यूज़
16 July, 2026
अन्य
नीमच। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) मध्य प्रदेश इकाई ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ 13 एवं 14 जुलाई को तीन अलग-अलग कार्रवाई करते हुए 191 ग्राम मेफेड्रोन (MD) और 53.880 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया। इन कार्रवाइयों में तस्करी में इस्तेमाल तीन मोटरसाइकिलें जब्त की गईं तथा पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पहली कार्रवाई CBN मंदसौर प्रथम खंड की टीम ने विशिष्ट सूचना के आधार पर मंदसौर-सितामऊ मार्ग पर की। यहां हीरो होंडा मोटरसाइकिल से मेफेड्रोन की सप्लाई करने जा रहे एक आरोपी को पकड़कर उसके कब्जे से 111 ग्राम मेफेड्रोन बरामद किया गया। एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर मोटरसाइकिल जब्त कर ली गई।
दूसरी कार्रवाई CBN नीमच कार्यालय की टीम ने नन्दावता-करनाखेड़ी मार्ग पर की। सूचना के आधार पर प्रतापगढ़ से मंदसौर की ओर जा रहे दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 80 ग्राम मेफेड्रोन बरामद हुआ। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
तीसरी कार्रवाई CBN नीमच तृतीय खंड की टीम ने बेटीखेड़ी-रनायरा मार्ग पर की। यहां मोटरसाइकिल से डोडाचूरा ले जा रहे दो आरोपियों को पकड़कर उनके पास से 53.880 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा (लांस्ड, अनलांस्ड एवं भूसी) बरामद किया गया। डोडाचूरा तीन प्लास्टिक बैगों में छिपाकर रखा गया था। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मोटरसाइकिल जब्त कर ली गई।
तीनों मामलों में एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और मादक पदार्थों की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।