ताजासमाचार

नीमच में दर्दनाक सड़क हादसा: आमने-सामने की टक्कर में 18 वर्षीय युवक की मौत, एक गंभीर, साथी मौके से फरार

द वाॅचमेन पोस्ट 16 July, 2026 दुर्घटना

नीमच। जीरन थाना क्षेत्र में बुधवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मृतक के साथ बाइक पर सवार उसका साथी मौके से फरार हो गया, जिससे मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, खड़वेलिया निवासी विकास पिता गोपाल मीणा (18) अपने साथी सुधीर के साथ भीमपुरा स्थित खेत पर काम करने के बाद बाइक से गांव लौट रहा था। बाइक सुधीर चला रहा था। खड़वेलिया गांव से पहले चौराहे के समीप सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला चिकित्सालय नीमच लाया गया। यहां डॉक्टरों ने विकास मीणा को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरी बाइक के चालक विनोद दमामी निवासी चीताखेड़ा की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे शहर के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद विकास के साथ बाइक चला रहा सुधीर मौके से फरार हो गया। जीरन थाना पुलिस उसकी तलाश कर रही है। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है तथा मर्ग कायम कर दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Related Post