द वाॅचमेन पोस्ट
17 July, 2026
राजनीति
नीमच। भोपाल में एनएसयूआई के एक वरिष्ठ कार्यकर्ता पर छात्रा से दुष्कर्म के आरोप के बाद प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन जारी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को नीमच में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकालकर एनएसयूआई का पुतला दहन किया और आरोपित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
एबीवीपी कार्यकर्ता भारत माता चौराहा पर एकत्रित हुए, जहां से रैली के रूप में विजय टॉकीज चौराहा होते हुए गांधी भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। वहां विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी के बाद कार्यकर्ता पुनः विजय टॉकीज चौराहे पर लौटे और एनएसयूआई का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया। जिला छात्रा प्रमुख अश्विनी बैरागी ने आरोप लगाया कि भोपाल में एनएसयूआई के वरिष्ठ कार्यकर्ता सुभाष यादव ने संगठन में कार्यरत एक छात्रा को कार्यालय बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। उन्होंने कहा कि पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दोषी को जल्द से जल्द कठोरतम सजा मिलनी चाहिए।
नगर मंत्री शुभम बागड़ी ने कहा कि यह प्रदर्शन केवल विरोध नहीं, बल्कि छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा के प्रति समाज को जागरूक करने का प्रयास है। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपित को किसी भी प्रकार का राजनीतिक संरक्षण न दिया जाए। एबीवीपी ने सरकार से फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कर शीघ्र न्याय सुनिश्चित करने और दोषी के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में एबीवीपी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं शामिल रहे।