ताजासमाचार

राज्य तैराकी चैंपियनशिप में दम दिखाने इंदौर रवाना हुए नीमच के 17 तैराक, मेडल सेरेमनी में हुआ सम्मान

द वाॅचमेन पोस्ट 17 July, 2026 अन्य

नीमच। नगर पालिका स्विमिंग पूल परिसर उस समय खिलाड़ियों के उत्साह और तालियों की गूंज से सराबोर रहा। जब जिला तैराकी संघ द्वारा आयोजित मेडल सेरेमनी में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित 17 तैराकों का सम्मान किया गया। सम्मान समारोह के बाद खिलाड़ियों का दल 16 से 18 जुलाई तक इंदौर के लक्ष्मण सिंह स्विमिंग पूल में आयोजित होने वाली 54 वीं मध्यप्रदेश स्टेट तैराकी चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए रवाना हुआ।प्रतियोगिता में सभी खिलाड़ी नीमच जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।जिला तैराकी संघ के अध्यक्ष अशोक मोदी ने बताया कि चयनित खिलाड़ियों ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य चैंपियनशिप के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया है।

खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से जिला तैराकी संघ की ओर से उन्हें मेडल, प्रमाण-पत्र और आकर्षक टीम टी-शर्ट प्रदान की गई। खिलाड़ियों ने भी पूरे आत्मविश्वास के साथ राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने का संकल्प व्यक्त किया।सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी एवं नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि संतोष चोपड़ा तथा नगर पालिका जलकल सभापति छाया जायसवाल ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए कहा कि खेलों में सफलता अनुशासन, निरंतर अभ्यास और समर्पण से प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि नीमच के युवा तैराक अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर राज्य प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर जिले को नई पहचान दिलाएंगे।कार्यक्रम में जिला तैराकी संघ के मंडल अध्यक्ष दिलीप डूंगरवाल, उपाध्यक्ष प्रकाश मंडावरिया, विष्णु मोदी, मुकेश चतुर्वेदी, रामगोपाल मोदी, बंटू बाफना, भगवती प्रसाद, राघवेंद्र खटीक, मेंटर प्रभु मूलचंदानी सहित संघ के पदाधिकारी, कोच एवं स्विमिंग पूल स्टाफ मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए पूरे दल का उत्साहवर्धन किया और प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की।

सम्मान समारोह के दौरान खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला। जिले की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित यह कार्यक्रम प्रेरणादायक रहा। अब जिले की उम्मीदें इन 17 युवा तैराकों पर टिकी हैं,जो इंदौर में होने वाली 54 वीं मध्यप्रदेश स्टेट तैराकी चैंपियनशिप में अपने प्रदर्शन के दम पर नीमच को गौरवान्वित करने का प्रयास करेंगे।

Related Post