ताजासमाचार

जावद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 2.745 किलो अवैध अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार, बिना नंबर की बाइक जब्त

द वाॅचमेन पोस्ट 16 July, 2026 अपराध

नीमच। जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जावद थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सरवानिया महाराज पुलिस चौकी ने कार्रवाई करते हुए 2 किलो 745 ग्राम अवैध अफीम, एक बिना नंबर की टीवीएस मोटरसाइकिल और एक एंड्रॉयड मोबाइल जब्त किया है। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अफीम उपलब्ध कराने वाले एक अन्य व्यक्ति को भी सह-आरोपी बनाया गया है।

पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं एसडीओपी जावद हर्ष राठौर के निर्देशन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह जादौन के नेतृत्व में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक बिना नंबर की टीवीएस मोटरसाइकिल से अवैध अफीम की तस्करी करने वाला है। सूचना के आधार पर ग्राम आंकली स्थित मेलानखेड़ा तिराहे पर पंचमुखी बालाजी मंदिर के सामने नाकाबंदी की गई। इस दौरान पुलिस ने आरोपी शुभम पिता मदनलाल कीर (22 वर्ष), निवासी जाट मोहल्ला, मोरवन (हाल निवासी सांवलियाजी, राजस्थान) को रोककर तलाशी ली। तलाशी में उसके कब्जे से 2 किलो 745 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पूछताछ में सामने आया कि अवैध अफीम प्रकाश पिता कैशुराम गौड़, निवासी लक्ष्मीपुरा, मोरवन ने उपलब्ध कराई थी। पुलिस ने उसे भी मामले में सह-आरोपी बनाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि अफीम की खेप कहां से लाई गई थी तथा इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।

Related Post