डेस्क न्यूज़
09 July, 2026
प्रशासनिक
आगर मालवा। मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा संचालित राज्य स्तरीय 'SAFE CLICK-2.0' (सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित जीवन) अभियान का बुधवार को मधुबन गार्डन, आगर मालवा में भव्य समापन हुआ। इस विशेष कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कलेक्टर प्रीति यादव रहीं। इस अभियान के माध्यम से जिले में जनभागीदारी जोड़कर साइबर सुरक्षा को एक बड़े जनआंदोलन का रूप दिया गया है, जिसके तहत जिले भर के करीब 25,000 विद्यार्थियों और शिक्षकों ने एक साथ साइबर सुरक्षा की शपथ लेकर एक सशक्त संदेश दिया।
साइबर सुरक्षा केवल पुलिस की नहीं, हर नागरिक की जिम्मेदारी: कलेक्टर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि कलेक्टर प्रीति यादव ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल निर्भरता बढ़ी है, ऐसे में साइबर सुरक्षा केवल पुलिस अथवा प्रशासन का विषय नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अभियान के व्यापक जनजागरूकता प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक सतर्क और जागरूक रहेगा, तो साइबर ठगी और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं डिजिटल रूप से सतर्क बनें और अपने परिवार व समाज को भी इसके प्रति जागरूक करें।
नुक्कड़ नाटक, साइबर चौपाल और रील्स से दी गई सीख: एसपी
पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने अपने उद्बोधन में अभियान की उपलब्धियों को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि SAFE CLICK-2.0 अभियान के दौरान जिला पुलिस ने स्कूलों, कॉलेजों, ग्राम पंचायतों, बाजारों, धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक कार्यक्रम चलाए।
लोगों को जागरूक करने के लिए:
पारंपरिक माध्यमों जैसे साइबर चौपाल, नुक्कड़ नाटक और जनसंवाद का सहारा लिया गया।
आधुनिक माध्यमों जैसे क्विज प्रतियोगिताएं, सोशल मीडिया अभियान, इंस्टाग्राम रील्स और लघु फिल्म (Short Film) मेकिंग का उपयोग कर हजारों नागरिकों तक पहुंच बनाई गई।
एसपी ने स्पष्ट किया कि जागरूक नागरिक ही साइबर अपराधियों के खिलाफ सबसे बड़ी ढाल हैं और पुलिस आगे भी ऐसे जनहितकारी अभियान निरंतर संचालित करती रहेगी।
25,000 विद्यार्थियों और शिक्षकों का सामूहिक महा-संकल्प
कलेटर प्रीति यादव के निर्देशानुसार और जिला शिक्षा अधिकारी नितेश पांडेय के सहयोग से बुधवार प्रातः 11:00 बजे जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय शिक्षण संस्थानों में एक विशेष सामूहिक शपथ ग्रहण का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलेभर के लगभग 25,000 विद्यार्थियों, शिक्षकों और शिक्षा विभाग के कर्मचारियों ने एक साथ साइबर अपराधों से बचाव और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का सामूहिक संकल्प लिया, जो इस पूरे अभियान की सबसे बड़ी उपलब्धि रही।
इन्फ्लुएंसर्स, पत्रकारों और पुलिसकर्मियों का हुआ सम्मान
समारोह के दौरान साइबर जागरूकता में उत्कृष्ट योगदान देने वाले समाज के विभिन्न वर्गों को पुरस्कृत किया गया। साइबर क्विज, लघु फिल्म प्रतियोगिता और सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान को व्यापक जनसमर्थन देने वाले पत्रकारों, यूट्यूबर्स, इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर्स, स्कूल-कॉलेजों के छात्र-छात्राओं तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विशेष आकर्षण: कार्यक्रम के दौरान आरक्षक रवि राठौर ने साइबर अपराधों से बचाव और SAFE CLICK-2.0 अभियान पर आधारित अपना स्वरचित प्रेरणादायी गीत प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा।
साइबर सेल की टीम को मिली विशेष सराहना
कार्यक्रम के अंत में अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) आगर मोतीलाल कुशवाहा ने सभी अतिथियों, शिक्षा विभाग और नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस महा-अभियान को जमीनी स्तर पर सफल बनाने के लिए जिला साइबर टीम के सदस्यों—उप निरीक्षक राखी गुर्जर, प्रधान आरक्षक सुब्रतो शर्मा, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र सिंह एवं आरक्षक रवि दोहरे के समर्पित प्रयासों और तकनीकी नवाचारों की विशेष रूप से सराहना की।
ये रहे उपस्थित:
इस भव्य समापन अवसर पर पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट, एसडीओपी मोतीलाल कुशवाहा (आगर), एसडीओपी देवनारायण यादव (सुसनेर) सहित जिले के समस्त थाना व चौकी प्रभारी, पुलिस बल, शिक्षक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मंच का प्रभावी संचालन सहायक उप निरीक्षक संतोष खजुरिया द्वारा किया गया।