डेस्क न्यूज
10 June, 2025
नीमच। तहसील मनासा के ग्राम पावटी निवासी किसान राधेश्याम पिता लाला गायरी ने जिला प्रशासन को एक गंभीर शिकायत पत्र सौंपते हुए ग्राम पंचायत पावटी की मनमानी का खुलासा किया है।
धेश्याम ने आरोप लगाया कि जब वे जून 2023 में पारिवारिक शोक के चलते गांव से बाहर थे, तब ग्राम पंचायत द्वारा उनकी निजी कृषि भूमि पर अवैध रूप से जेसीबी मशीन से सड़क बना दी गई। किसान का कहना है कि उनकी उपजाऊ, सिंचित कृषि भूमि सर्वे नंबर 87 (0.38 हेक्टेयर) और 89 (0.09 हेक्टेयर) में आती है, जहां बगैर उनकी सहमति के 40 मीटर लंबी और 10 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण किया गया। जब वे वापस लौटे और 6 जून 2023 को खेत पर पहुंचे, तो उन्हें इस अवैध निर्माण का पता चला। विरोध करने पर सरपंच और सचिव ने जानकारी के अभाव का बहाना बनाते हुए जल्द ही सड़क हटाने और मिट्टी भरने का झूठा आश्वासन दिया। किसान ने बताया कि एक साल बीत जाने के बावजूद पंचायत द्वारा कोई सुधारात्मक कदम नहीं उठाया गया है। इसके चलते खेत में जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे फसलें नष्ट हो रही हैं और परिवार के समक्ष भूखमरी की नौबत आ गई है। इससे आहत होकर राधेश्याम ने कई बार कलेक्टर, एसडीएम और तहसील कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत किए, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। थक-हार कर राधेश्याम ने अब चेतावनी दी है कि यदि अगले आठ दिनों में उनकी जमीन से सड़क हटाकर खेत की मूल स्थिति बहाल नहीं की गई, तो वे अपने परिवार सहित कलेक्टर कार्यालय में आत्मदाह करेंगे। उन्होंने इस घटना की समस्त जिम्मेदारी प्रशासन और पंचायत अधिकारियों पर डाली है। मोजा पटवारी कन्हिया लाल धनगर ने कहा की शिकायतकर्ता द्वारा आवेदन एसडीएम न्यायालय में किया गया है मेरे द्वारा मौके का पंचनामा बनाकर रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को प्रस्तुत की है।
इस संदर्भ में सरपंच गोपाल धनगर ने बताया कि गांव पावटी में सुदूर सड़क योजना के तहत पुराने नक्शे के आधार पर सड़क का निर्माण किया गया है, निर्माण के दौरान शिकायतकर्ता राधेश्याम के पुत्र भी मौके पर मौजूद थे जिनकी सहमति सड़क निर्माण में थी। ग्राम पंचायत द्वारा किसान राधेश्याम की जमीन को सड़क में नहीं लिया गया है और यदि किसी प्रकार का विवाद है तो वह सड़क और खेत की नपती करवा कर अपनी खेत की जमीन पर खेती करने के अधिकारी हैं, पंचायत को इस मामले में किसी भी प्रकार की कोई आपत्ति नहीं है। यह प्रकरण 2 वर्ष से न्यायालय में भी प्रचलित है।