इकबाल हुसैन
09 July, 2026
अन्य
नीमच। शहर के उपनगर नीमच सिटी स्थित माधवगंज मोहल्ला में सोमवार देर रात एक 40 वर्षीय युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जामा मस्जिद के पीछे रहने वाले इदरीस मंसूरी (40) पुत्र शफी मंसूरी उर्फ मुन्ना भाई मंसूरी ने देर रात करीब 2 बजे अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन तुरंत उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर नीमच सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू कर दी गईं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इदरीस मंसूरी मिलनसार, शांत और हंसमुख स्वभाव के व्यक्ति थे। उनकी अचानक हुई मौत से मोहल्ले में शोक की लहर है और हर कोई इस घटना से स्तब्ध है।