ताजासमाचार

15 साल की उम्र में रखा अपराध की दुनिया में कदम, 27 साल की उम्र तक 19 से ज्यादा केस; जंगलों में छिपकर काट रहा था फरारी, नीमच का कुख्यात तस्कर सुनील मीणा गिरफ्तार

डेस्क न्यूज़ 09 July, 2026 अन्य

जयपुर/नीमच। राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने वर्षों से फरार चल रहे कुख्यात अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्कर सुनील पुत्र कालूलाल मीणा (27) को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी मध्यप्रदेश के नीमच जिले के जीरन थाना क्षेत्र के ग्राम गमेशपुरा का निवासी है और करीब 8 वर्षों से फरार था।

पुलिस के अनुसार, सुनील पर राजस्थान, मध्यप्रदेश और एनसीबी में 19 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस एक्ट, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी सहित कई गंभीर अपराध शामिल हैं। राजस्थान पुलिस ने उस पर 1 लाख रुपये, जबकि मध्यप्रदेश पुलिस ने भी इनाम घोषित कर रखा था।

जांच में सामने आया कि सुनील ने 15 वर्ष की उम्र में तस्करों की गाड़ियों की एस्कॉर्टिंग से अपराध की दुनिया में कदम रखा था। बाद में उसने खुद बड़े पैमाने पर मादक पदार्थों की तस्करी शुरू कर दी और राजस्थान-मध्यप्रदेश में मजबूत नेटवर्क खड़ा कर लिया। वह तस्करी के दौरान पुलिस की घेराबंदी होने पर कई बार पुलिस पर फायरिंग कर फरार भी हो चुका है।

गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी अपने घर के बजाय घने जंगलों में ठिकाना बदल-बदलकर रहता था। पत्नी के जरिए जंगल में ही भोजन और जरूरी सामान मंगवाता था। ANTF ने करीब 15 दिनों तक चरवाहे के वेश में गुप्त निगरानी की और तकनीकी इनपुट के आधार पर उसके ठिकाने की पुष्टि की।

बारिश का फायदा उठाते हुए टीम ने देर रात घर की घेराबंदी की। तलाशी के दौरान आरोपी रजाई ओढ़कर छिपा मिला। शुरुआती पूछताछ में उसने झूठी पहचान बताने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ में अपनी असली पहचान स्वीकार कर ली।

इस कार्रवाई में राजस्थान ANTF और प्रतापगढ़ पुलिस की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने पूरी टीम को इस सफल ऑपरेशन के लिए बधाई दी।

Related Post