ताजासमाचार

जघन्य और सनसनीखेज मामलों पर एसपी राजेश व्यास सख्त, समयबद्ध जांच और दोषियों को सजा दिलाने के दिए निर्देश

डेस्क न्यूज़ 06 July, 2026 अन्य

नीमच। जिले में चिन्हित, जघन्य एवं सनसनीखेज प्रकरणों की प्रभावी जांच और दोषियों को शीघ्र सजा दिलाने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम में पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास की अध्यक्षता में समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, अभियोजन विभाग के एडीपीओ विवेक सोमानी, पारस मित्तल, सहायक ग्रेड मोहम्मद साजिद सहित पुलिस एवं अभियोजन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक चिन्हित प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग, समयबद्ध विवेचना और प्रभावी पर्यवेक्षण के लिए नोडल अधिकारी एवं सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारियां स्पष्ट करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि चिन्हित प्रकरणों का अलग रजिस्टर निर्धारित प्रारूप में अद्यतन रखा जाए तथा प्रत्येक मामले की प्रगति नियमित रूप से दर्ज की जाए।

एसपी ने कहा कि जिन अधिकारियों द्वारा चिन्हित प्रकरणों के रजिस्टर का समुचित संधारण नहीं किया जा रहा है, उनसे स्पष्टीकरण लिया जाएगा। वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को प्रशंसा-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि चिन्हित मामलों में दोषसिद्धि होने पर संबंधित विवेचक, अभियोजन अधिकारी और नोडल अधिकारी को भी सम्मानित किया जाएगा, ताकि बेहतर कार्य के लिए अधिकारियों का उत्साहवर्धन हो।

इस दौरान एडीपीओ पारस मित्तल ने भी जघन्य एवं सनसनीखेज मामलों में प्रभावी पैरवी, अभियोजन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय, साक्ष्यों के व्यवस्थित संकलन तथा समयबद्ध कार्रवाई को लेकर आवश्यक सुझाव दिए।

बैठक में चिन्हित प्रकरणों की नियमित समीक्षा, मजबूत साक्ष्य संकलन, अभियोजन के साथ बेहतर समन्वय और समयबद्ध कार्रवाई के माध्यम से मामलों के शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण पर विशेष जोर दिया गया।

Related Post