ताजासमाचार

नीमच में पहली बार होगा इस्कॉन का श्री जगन्नाथ स्नान पूर्णिमा महोत्सव, आज होगा भव्य आयोजन

डेस्क न्यूज़ 29 June, 2026 अन्य

नीमच। अंतर्राष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) के तत्वावधान में नीमच शहर में पहली बार श्री जगन्नाथ स्नान पूर्णिमा महोत्सव का भव्य आयोजन सोमवार, 29 जून को किया जाएगा। यह ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक आयोजन माहेश्वरी भवन, वीर पार्क रोड, नीमच में आयोजित होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 5 बजे भगवान श्री जगन्नाथ के स्वागत एवं पांडु विजय कीर्तन के साथ होगा। इसके बाद शाम 5:15 बजे भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं माता सुभद्रा का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष अभिषेक एवं आरती संपन्न होगी।

कार्यक्रम के अगले चरण में शाम 7:15 बजे श्री जगन्नाथ स्नान पूर्णिमा की महिमा पर विशेष कथा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें इस पावन पर्व के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला जाएगा।

वहीं रात्रि 8 बजे भगवान श्री जगन्नाथ के गजवेश (गणेश स्वरूप) के दिव्य दर्शन होंगे। इसके पश्चात भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था भी रहेगी।

इस्कॉन परिवार ने शहर एवं आसपास के सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से इस ऐतिहासिक आयोजन में परिवार सहित शामिल होकर भगवान श्री जगन्नाथ के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है। आयोजकों का कहना है कि नीमच में पहली बार आयोजित हो रहा यह महोत्सव श्रद्धालुओं के लिए एक विशेष आध्यात्मिक अनुभव साबित होगा।

Related Post