ताजासमाचार

मेधावी छात्र मोहम्मद सूफियान मंसूरी का सम्मान, 94% अंकों से बढ़ाया जिले का गौरव

डेस्क न्यूज़ 29 June, 2026 अन्य

नीमच। ऑल इंडिया हज वेलफेयर सोसायटी जिला इकाई नीमच द्वारा शिक्षा को प्रोत्साहन देने और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने के उद्देश्य से "चौथा मुस्लिम मेधावी सम्मान समारोह एवं करियर गाइडेंस प्रोग्राम" का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के गणमान्य नागरिकों, अभिभावकों तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।

समारोह में सीबीएसई कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मोहम्मद सूफियान मंसूरी, पिता साबिर हुसैन मंसूरी, को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। स्प्रिंगवुड स्कूल, स्कीम नंबर-36, नीमच के छात्र सूफियान ने सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया। उन्होंने गणित में 98 अंक तथा सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) विषय में 97 अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया।

इस अवसर पर ऑल इंडिया हज वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष मुबारिक हुसैन, सचिव जाहिद हुसैन, चेयरमैन मुकीत खान सहित अन्य पदाधिकारियों ने मेधावी छात्र का सम्मान करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा समाज के विकास का सबसे मजबूत आधार है और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित करने से अन्य बच्चों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलती है।

कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित करियर गाइडेंस सत्र में विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा, रोजगार के अवसरों तथा करियर निर्माण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। विशेषज्ञों ने छात्रों को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

समारोह के समापन पर सोसायटी पदाधिकारियों ने शिक्षा के क्षेत्र में भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान केवल उनकी उपलब्धियों का गौरव नहीं, बल्कि पूरे समाज के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया।

Related Post