डेस्क न्यूज़
27 June, 2026
अन्य
नीमच। भारतीय जनता पार्टी द्वारा रविवार, 28 जून को जिले के प्रत्येक बूथ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' का सामूहिक श्रवण किया जाएगा। कार्यक्रम में बूथ टोली एवं कार्यकर्ताओं की सहभागिता रहेगी। कार्यक्रम से पूर्व भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं शिक्षाविद् डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी तथा उनके जीवन एवं योगदान पर व्याख्यान आयोजित होगा।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी मनोज माहेश्वरी एवं सह प्रभारी शुभम शर्मा ने बताया कि इस अवसर पर बूथ स्तर के सभी कार्यकर्ता पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से संगठनात्मक प्रशिक्षण भी प्राप्त करेंगे। प्रशिक्षण का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यप्रणाली, डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग तथा विभिन्न संगठनात्मक अभियानों की विस्तृत जानकारी देना है। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद प्रतिभागियों को डिजिटल प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, जिला पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी, मोर्चा एवं प्रकोष्ठ के पदाधिकारी सहित सभी कार्यकर्ता अपने-अपने निर्धारित बूथों पर उपस्थित रहकर 'मन की बात' कार्यक्रम का श्रवण करेंगे तथा संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाएंगे।