ताजासमाचार

बांगरेड़ की बदहाल सड़क पर अब उपमुख्यमंत्री से आस, मंदसौर में जगदीश देवड़ा को सौंपा ज्ञापन; ग्रामीणों ने लगाई जल्द निर्माण की गुहार

डेस्क न्यूज़ 28 June, 2026 अन्य

नीमच/जावद। ग्राम बांगरेड़ की वर्षों से बदहाल पड़ी सड़क के निर्माण की मांग को लेकर अब ग्रामीणों ने सीधे मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा से गुहार लगाई है। मंदसौर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने उपमुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा और जर्जर सड़क का शीघ्र निर्माण कराने की मांग की।

ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि ग्राम बांगरेड़, ग्राम पंचायत बांगरेड़, तहसील जावद के अंतर्गत नागेश्वर मंदिर से नई आबादी, लक्ष्मीपुरा, श्मशान घाट एवं बालाजी मंदिर तक जाने वाला मुख्य सड़क मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे होने से दोपहिया और चारपहिया वाहनों का आवागमन बेहद कठिन हो गया है। बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है।

ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग पर आसपास के 2 से 3 किलोमीटर क्षेत्र के कई गांवों के लोग निर्भर हैं। ग्राम में संचालित शासकीय हायर सेकेंडरी विद्यालय में पढ़ने वाले सैकड़ों छात्र-छात्राएं प्रतिदिन इसी सड़क से होकर आवागमन करते हैं। खराब सड़क के कारण विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि गांव के उप स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचने तथा प्रसव एवं गंभीर मरीजों को अस्पताल ले जाने में भी सड़क की खराब स्थिति बड़ी बाधा बन रही है। समय पर एंबुलेंस और अन्य वाहन नहीं पहुंच पाने से मरीजों के जीवन पर भी संकट उत्पन्न हो जाता है।

ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर कई बार स्थानीय प्रशासन एवं संबंधित विभागों को आवेदन दिए जा चुके हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181 पर भी कई शिकायतें दर्ज कराई गईं, लेकिन केवल औपचारिक निराकरण कर शिकायतें बंद कर दी गईं और आज तक सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं हो सका।

ग्रामीणों ने उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा से जनहित को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभाग को शीघ्र सड़क निर्माण के निर्देश जारी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह सड़क हजारों ग्रामीणों की जीवनरेखा है और इसके निर्माण से विद्यार्थियों, किसानों, महिलाओं, मरीजों सहित पूरे क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा।

Related Post